कुरुक्षेत्र NIT के डायरेक्टर का इस्तीफा:ऑफिशियल वेबसाइट पर डाली जानकारी, जॉइंट रजिस्ट्रार कल हुए सस्पेंड; 2 माह में 4 स्टूडेंट कर चुके सुसाइड

Spread the love

पिछले 2 माह में चार स्टूडेंट के सुसाइड करने में मामले में घिरे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT), कुरुक्षेत्र में फिर से बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ। एक दिन पहले ही जॉइंट रजिस्ट्रार को सस्पेंड करने के बाद अब डायरेक्टर प्रो. बीवी रमना रेड्डी ने इस्तीफा दे दिया है। उनके स्थान पर प्रो. ब्रह्मजीत सिंह को नया कार्यकारी डायरेक्टर बनाया गया है। शनिवार देर रात NIT ने अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर प्रो. ब्रह्मजीत सिंह को कार्यकारी डायरेक्टर बनने की जानकारी अपलोड की है। रेड्डी के इस्तीफे के बाद उनको NIT कुरुक्षेत्र में यह जिम्मेदारी दी गई। बता दें कि शनिवार को ही जॉइंट रजिस्ट्रार ज्ञान रंजन सामंत्रे (GA) को सस्पेंड कर दिया गया था। यह कार्रवाई केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की टीम के दौरे के ठीक अगले दिन हुई थी। बताया जा रहा हे कि इस मामले में अभी कुछ और लोगों पर भी गाज गिर सकती है। एनआईटी कुरुक्षेत्र में इस तरह चल रहा घटनाक्रम… 2026 में NIT में ये स्टूडेंट सुसाइड कर चुके 16 फरवरी को तेलंगाना निवासी 19 वर्षीय अंगोद शिवा ने हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद, 31 मार्च को नूंह जिले के घासैड़ा निवासी 22 वर्षीय पवन कुमार ने भी आत्महत्या कर ली। पवन कुमार इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के सेंकेड ईयर का छात्र था। फिर, 9 अप्रैल को सिरसा जिले के गांव शेरपुर निवासी 22 वर्षीय प्रियांशु वर्मा, जो बीटेक के थर्ड ईयर का छात्र था, का शव हॉस्टल के कमरे में मिला। इसके बाद, 16 अप्रैल को बिहार के बक्सर की रहने वाली 19 वर्षीय दीक्षा दुबे ने अपने हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दीक्षा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस की छात्रा थी। दीक्षा दुबे की मौत के बाद, एक और छात्रा ने भी आत्महत्या करने की कोशिश की थी। इस छात्रा ने भी एनआईटी प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद यह मामला तूल पकड़ गया था। छात्रों ने किया था हंगामा, हॉस्टल खाली करने के हुए थे आदेश दो महीने में ही सुसाइड के चार केस आने के बाद स्टूडेंट का गुस्सा फूट पड़ा था। उन्होंने रात भर हंगामा किया था। कई टीचर्स पर गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस और एनआईटी प्रशासन ने जांच के लिए कमेटी बनाने और कुछ टीचर्स पर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया था। आरोप है कि मामले में एक्शन लेने के बजाय कॉलेज प्रशासन चार मई तक छुट्‌टी घोषित कर दी थी। साथ ही हॉस्टल को तत्काल खाली करने के आदेश जारी कर दिए थे। छात्रों ने इसका विरोध जताते हुए आरोप लगाया था कि बच्चों को जांच से दूर रखने के लिए यह कदम उठाया है। इसकी शिकायत केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय से भी की गई थी। शुक्रवार को जांच करने आई थी केंद्रीय मंत्रालय की टीम इसके बाद शुक्रवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग के सचिव वरिष्ठ IAS अधिकारी डॉ. विनित जोशी समेत पांच अधिकारियों की टीम ने NIT का दौरा किया था। टीम ने संस्थान में प्रशासनिक कामकाज, फैसलों और हाल के घटनाक्रम की जानकारी जुटाई थी। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्रालय की टीम ने स्टूडेंट से बात की थी। इसमें सुसाइड करने वालों छात्र-छात्राओं, टीचर्स के व्यवहार, मिलने वाली सुविधाओं सहित कई बिंदुओं पर जानकारी जुटाई थी। टीम के जाने के बाद पहले जॉइंट रजिस्ट्रार को सस्पेंड किया गया, अब डायरेक्टर प्रो. बीवी रमना रेड्डी को हटाने की कार्रवाई हुई। इस तरह लगातार विवादों में घिर रहा एनआईटी कुरुक्षेत्र… प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारों पर लगा दी थी रोक 29 मार्च को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने तत्काल प्रभाव से NIT के डायरेक्टर प्रो. बीवी रमना रेड्डी के प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारों पर रोक लगा दी थी। इससे पहले रजिस्ट्रार सामंत्रे को 15 मार्च के आसपास उनके पद से हटाकर प्रो. ब्रह्मजीत सिंह को रजिस्ट्रार नियुक्त किया था। मंत्रालय के आदेश के बाद अगले ही दिन बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। प्रो. ब्रह्मजीत सिंह को कार्यकारी डायरेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि प्रो. विनोद मित्तल को नया रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया। भर्ती, प्रमोशन से लेकर वेकेंट पोस्ट की चल रही जांच असल में NIT में भर्ती, प्रमोशन, शिकायतें, रैंकिंग में आई गिरावट और वेकेंट पोस्ट को लेकर जांच कर रही है। इसके अलावा डायरेक्टर पर अपने होम स्टेट तेलंगाना से ज्यादा स्टाफ भर्ती का आरोप भी है। इन मामले की जांच के लिए मंत्रालय की ओर से रिव्यू कमेटी बनाई गई थी। इसी हफ्ते नेक के चेयरमैन प्रो. अनिल सहस्रबुद्धे की अगुआई में रिव्यू कमेटी ने 23 और 24 अप्रैल को दूसरी बार NIT का दौरा किया। इस टीम में VNIT नागपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष रिटायर्ड IAS एम. मदन गोपाल और MANIT भोपाल के डायरेक्टर प्रो. केके शुक्ला बतौर मेंबर शामिल हुए। ——————– ये खबर भी पढ़ें…. NIT में छात्रा के सुसाइड की कोशिश, VIDEO:हॉस्टल की 5वीं मंजिल पर चढ़ी, स्टूडेंट्स ने बचाया; इंटीट्यूट के हॉस्टल खाली करने के आदेश हरियाणा का नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) कुरुक्षेत्र एक बार फिर चर्चा में है। यहां दो दिन पहले बीटेक की छात्रा दीक्षा दूबे (19) की आत्महत्या का मामला सामने आया था, जो अभी सुलझा भी नहीं था कि शुक्रवार देर रात एक और छात्रा ने आत्महत्या करने की कोशिश की। (पूरी खबर पढे़ें)