अमेठी में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत हुई इस मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गोली लगी। पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। घायल अपराधी पर 23 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह घटना संग्रामपुर थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस देर रात व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार आता दिखा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के बेलखरी गांव निवासी शनि पांडेय के रूप में हुई है, जो एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा, जिंदा कारतूस, चोरी की बैटरी झटका मशीन और 700 रुपये नकद बरामद हुए। शनि पांडेय पर अमेठी और फतेहपुर के विभिन्न थानों में कुल 23 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने शनि पांडेय की शिनाख्त पर उसके दो अन्य साथियों, संग्रामपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर निवासी समरजीत पुत्र शिव बहादुर और रामलाल मौर्य पुत्र गया प्रसाद मौर्य को भी गिरफ्तार किया। इन अपराधियों के पास से 2100 रुपये नकद, एक गैस सिलेंडर, प्लास, पेचकस, कुदाल, फावड़ा और एक बजाज सिटी 100 मोटरसाइकिल बरामद हुई है। आज पुलिस ऑफिस सभागार में मामले का खुलासा करते हुए एसपी सरवणन टी ने बताया कि शनि पांडेय एक शातिर अपराधी है और उसके गिरफ्तार साथी भी कई वारदातों में शामिल रहे हैं। उन्होंने अपराधियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
हिस्ट्रीशीटर अपराधी से पुलिस की मुठभेड़:दो अन्य साथी गिरफ्तार, 23 मुकदमे दर्ज, एसपी ने दिया 25 हजार का इनाम
