हरियाणा के पंचकूला में मेयर चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के भीतर सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। टिकट के लिए दावेदारों की बढ़ती संख्या ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल ने एक बार फिर अपनी दावेदारी ठोंकते हुए चुनावी समीकरणों को और रोचक बना दिया है। मेयर पद के लिए अब तक करीब 10 नेताओं ने आवेदन किया है। बुधवार को जिला प्रधान अजय मित्तल के पास आवेदन देने वालों में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, अनिल थापर, प्रमोद सिंगला, विशाल सेठ, सुभाष मट्टावाला, दीपक शर्मा, कुलभूषण गोयल, अमित जिंदल और प्रदीप गोयल शामिल रहे। हालांकि, अब तक रंजीता मेहता, श्यामलाल बंसल और संजय आहूजा जैसे कुछ बड़े नामों ने आवेदन नहीं किया है, जिससे आगे और हलचल की संभावना बनी हुई है। हर वार्ड में मुकाबला, 5-5 दावेदारों से बढ़ेगी टेंशन
सिर्फ मेयर ही नहीं, पार्षद पद के लिए भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। करीब 60 लोगों ने पार्षद टिकट के लिए आवेदन किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, लगभग हर वार्ड से औसतन 5 दावेदार सामने आ रहे हैं, जिससे टिकट वितरण पार्टी के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। पूर्व पार्षद सोनिया सूद ने भी एक बार फिर टिकट मांगकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। तीन नामों का पैनल बनाकर होगी छंटनी
जिला प्रधान अजय मित्तल के अनुसार, मंगलवार शाम 5 बजे तक सभी आवेदनों को संकलित कर पार्टी प्रभारी विपुल गोयल को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद पार्टी स्तर पर मंथन कर प्रत्येक सीट पर 3-3 नामों का पैनल तैयार किया जाएगा, जिसमें से अंतिम प्रत्याशी का चयन होगा। टिकट से पहले ही चुनाव जैसा माहौल
बढ़ती दावेदारी और बड़े नेताओं की एंट्री से साफ है कि इस बार पंचकूला में BJP के भीतर ही कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। हालात ऐसे हैं कि टिकट मिलने से पहले ही चुनाव जैसा माहौल बन चुका है, और हर दावेदार अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटा है।
पंचकूला मेयर चुनाव: BJP में टिकट के लिए घमासान:पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल फिर मैदान में; हर वार्ड से रहेंगे 5-5 दावेदार
