गुरुग्राम में डीएलएफ फेस तीन इलाके के पास बने लेबर कैंप में एक मजदूर की संदिग्ध मौत के मामले को लेकर हंगामा हो गया है। साथी श्रमिक की मौत होने के बाद ठेकेदार और कंपनी के अधिकारियों ने शव को नाले के पास रखवा दिया, जिससे श्रमिक भड़क गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, तो उन्होंने पुलिस को भी शव उठाने से रोक दिया। यहां बड़ी संख्या में श्रमिक जमा हो गए हैं, जिससे तनाव की स्थिति बन गई है। मजदूरों का आरोप है कि ग्रैप (GREAP) नियमों के सख्ती से पालन के चलते ठेकेदार को निर्माण काम अचानक बंद करना पड़ा। इसी दौरान कंपनी परिसर में ही इस मजदूर की मौत हो गई। मुआवजे की मांग पर अड़े कर्मचारी मजदूरों के अनुसार कंपनी और ठेकेदार के लोग शव को नाले के पास छोड़कर चले गए। उन्होंने शव को उठाने से इनकार कर दिया और ठेकेदार तथा कंपनी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। काफी देर तक पुलिस और मजदूरों के बीच गहन बहस चल रही है। मजदूरों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी की और मजदूरों के साथ लापरवाही बरती, जिसके कारण यह घटना हुई। वे मुआवजे, जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। पुलिस स्थिति को शांत करने और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कोशिश कर रही है।
गुरुग्राम में कर्मचारी की मौत पर हंगामा:नाले के पास शव रखवाने से भड़के साथी, पुलिस को उठाने से रोका, मुआवजे की मांग
