रेवाड़ी में नर्सिंग कॉलेज छात्राएं बोलीं- हम डरे हुए हैं:स्टाफ सदस्य रिजाइन करने की कह छुट्‌टी पर गए; गार्ड भी गर्ल्स हॉस्टल में घुसा

Spread the love

रेवाड़ी में मीरपुर के MIMS नर्सिंग कॉलेज की छात्रा से छेड़छाड़ के बाद कॉलेज में शुक्रवार को सन्नाटा पसरा रहा। पीड़ित छात्रा ने शुक्रवार को रेवाड़ी पहुंचकर मजिस्ट्रेट के सामने अपने साथ हुई घटना का ब्योरा दिया। छेड़छाड़ विवाद से स्टूडेंट और स्टाफ में खौफ देखने को मिला। इस बीच छात्राओं ने सिक्योरिटी गार्ड पर भी गंभीर आरोप लगाए। कहा कि वो नशे में गर्ल्स हॉस्टल के अंदर चला गया था। छात्रा से छेड़छाड़ का मामला उजागर होने के बाद स्टाफ के सदस्य भी आहत हैं और वे इस्तीफा देने की तैयारी में हैं। वहीं छात्राओं को भी हॉस्टल से बाहर निकलने निकलने से हिचक रही है। नर्सिंग कॉलेज में व्यापक स्तर पर अव्यवस्थाएं भी खुलकर सामने आईं। छात्रा से छेड़छाड़ का मामला उजागर होने के 24 घंटे से अधिक का समय बीतने के बाद भी पुलिस और कॉलेज प्रबंधन की चुप्पी पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्टाफ ने स्टूडेंट से कही इस्तीफे की बात
मीरपुर के MIMS नर्सिंग कॉलेज के साथ विवाद जुड़ने का खौफ स्टाफ में भी देखने को मिला। शुक्रवार को स्टाफ सदस्य क्लास रूम में आए और स्टूडेंट के सामने त्यागपत्र देने की बात कही। इसके बाद स्टाफ सदस्य छुट्टी लेकर चले गए। स्टूडेंट ने भास्कर एप रिपोर्टर के साथ बातचीत में छेड़छाड़ के मामले के सच होने का दावा किया। पढ़िए छात्राओं ने क्या बताया…
रिपोर्टर- छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में सच्चाई क्या है?
छात्राएं- सर कल आपको जो पता चला वो सब सच है। अभी गार्ड की शिकायत भी आई होगी, आपके पास कल। रिपोर्टर- कॉलेज में कितने स्टूडेंट हैं, हॉस्टल में कितने रहते हैं, प्राचार्य के प्रति मैनेजमेंट का रवैया कैसा है?
छात्राएं- 40 स्टूडेंट हैं, हॉस्टल में वार्डन नहीं है। गार्ड रखा हुआ है बस, वो भी ड्यूटी पर नहीं रहता। कैंपस में सब मेल स्टाफ है। फीमेल टीचर है बस वो भी अप-डाउन करती है।
जो वहां पर गार्ड है, वहां उनकी वीडियो है। वो शराब पीकर हॉस्टल में ऊपर आ गया था, जहां ड्यूटी वाली सिस्टर रहती है।
रिपोर्टर- छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में आपके पास नई अपडेट क्या है?
छात्राएं- अब अपडेट यही है कि कॉलेज का सारा स्टाफ डरा हुआ है। रिजाइन देने की स्टूडेंट को बोलकर छुट्‌टी लेकर चले गए हैं।
रिपोर्टर- स्टूडेंट अभी कॉलेज में हैं या घर चली गई।
छात्राएं- कॉलेज में हैं, सब डरी हुई हैं। उन्हें बोला गया है कि रात को पुलिस गश्त लगाती रहेगी, डरने की बात नहीं है। रिपोर्टर- आप जो बताएंगे उसी से खबर बनेगी।
छात्राएं- हॉस्टल का गार्ड नशे में धूत है। उसकी भी छोटी सी वीडियो है, कुछ महीने पहले की। वो शराब पीकर नशे में ड्यूटी वाली नर्स के रूम तक आ गया था। तब स्टूडेंट ने वहां के ऑनर से शिकायत की थी। तब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बस बोल दिया, मैने लड़कियां से कहा कि चार पांच मिलकर इसे पीट दो, आगे ऐसा करने पर पिटेगा तो मुझे मत बोलना और बात को दबा दिया। नर्सिंग सेकेंड ईयर की छात्रा ने लगाए थे आरोप
MIMS नर्सिंग कॉलेज की नर्सिंग सेकेंड ईयर की छात्रा ने प्राचार्य पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। छात्रा ने गुरुवार को अपनी शिकायत पुलिस को दी थी। इसमें बताया था कि 22 दिसंबर की रात एक छात्रा की तबीयत खराब हो गई। हेड गर्ल्स होने के नाते उसने कॉलेज प्राचार्य विकास यादव को फोन किया। प्राचार्य ने उसे अस्पताल में ड्यूटी स्टाफ से बात कर दवा के बारे में पता करने को कहा। अस्पताल में बात करने के बाद वह दवा लेने के लिए निकली। पहले से रास्ते में खड़े प्राचार्य विकास यादव ने सामान देने के बहाने उसे अपने पास बुलाया। इसके बाद उसे पकड़कर छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर उसे गंदी गालियां दी और करियर खत्म करने की धमकी दी। प्राचार्य ने फोन पर मांगी माफी डरकर वह दौड़ते हुए हॉस्टल पहुंची और घटना के बारे में वहां मौजूद स्टूडेंट को बताया। 24 दिसंबर की रात प्राचार्य ने उसे फोन कर माफी मांगी, परंतु बाद मे मुकर गए। जिसके बाद उसने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी और डायल 112 पर शिकायत की। पुलिस कॉलेज आई और उसके बयान लेकर चली गई। मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज करवाए बयान
पीड़िता ने शुक्रवार को रेवाड़ी पहुंचकर मजिस्ट्रेट के सामने अपने बयान दर्ज करवाएं। सूत्रों के अनुसार मजिस्ट्रेट के सामने बंद कमरे में पीड़ित ने पुलिस को दिए बयान को दोहराते हुए अपनी आपबीती बताई।