हरियाणा में नगर निकाय चुनाव के लिए आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। राज्य चुनाव आयोग (SEC) द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 7 नगर निकायों के आम चुनाव और पंचायती राज के 528 पदों पर उपचुनाव होने हैं। सोनीपत-पंचकूला, अंबाला नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद, उकलाना, धारूहेड़ा व सांपला नगर पालिका में 10 मई को वोटिंग होनी है।
13 मई को रिजल्ट आएगा। चुनाव आयुक्त के मुताबिक पानीपत और करनाल जिला परिषद के 1-1 वार्ड, 12 ब्लॉक समिति सदस्यों, 29 सरपंच, 485 पंच पदों के लिए वोटिंग भी 10 मई को होगी। उसी दिन वोटों की गिनती करके नतीजे घोषित हो जाएंगे। 27 अप्रैल नाम वापसी के लिए डेट तय की गई है। 25 अप्रैल तक भर सकेंगे नामांकन
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 अप्रैल निर्धारित की गई है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जबकि 28 अप्रैल को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
निकाय चुनाव के लिए मतदान 10 मई को कराया जाएगा, जबकि मतगणना 13 मई को होगी। चुनाव प्रक्रिया की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता पहले ही लागू की जा चुकी है। यहां पढ़िए निकाय चुनाव को लेकर BJP-कांग्रेस की क्या स्थिति… कांग्रेस घोषित कर चुकी उम्मीदवार निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने पंचकूला, अंबाला और सोनीपत में आगामी नगर निगम चुनावों के लिए अपने महापौर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस की ओर से सोनीपत नगर निगम के लिए कमल दीवान और अंबाला मेयर के लिए कुलविंदर कौर का नाम फाइनल किया गया है। पंचकूला नगर निगम सीट के लिए पार्टी की ओर से अगले दिन सुधा भारद्वाज को उम्मीदवार घोषित किया गया है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस की ओर से नगर पालिका चुनाव नहीं लड़ने की योजना बनाई जा रही है। नगर परिषद के चुनाव में पार्टी उम्मीदवार खड़ा करेगी और यहां से पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ा जाएगा। BJP का पैनल फाइनल, आज खोल सकती है पत्ते वहीं दूसरी ओर भाजपा ने तीनों नगर निकायों में महापौर पदों सहित सभी सीटों के लिए चार-चार उम्मीदवारों के पैनल को अंतिम रूप दे दिया है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा के केंद्रीय मंत्रियों, संसद सदस्यों और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में राज्य चुनाव समिति की बैठक में नामों पर विचार-विमर्श किया गया।
पार्टी के एक सीनियर लीडर ने बताया कि प्राप्त आवेदनों के आधार पर, जिनमें से कुछ की संख्या लगभग 26 थी, वरिष्ठ नेताओं की समिति ने नामों पर चर्चा की और सभी सीटों के लिए चार-चार उम्मीदवारों के पैनल को अंतिम रूप दिया। पार्षद के नाम CM करेंगे फाइनल जबकि मेयर पद के उम्मीदवारों का पैनल अंतिम मंजूरी के लिए केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया गया है, पार्षद पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन मुख्यमंत्री और राज्य पार्टी प्रमुख मोहन लाल बडोली पर छोड़ दिया गया है। सूत्रों ने संकेत दिया कि पार्टी अंतिम नामों की घोषणा करने से पहले जातिगत समीकरणों सहित स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखेगी।
