समाचार · झारखंड
Dhanbad: युवक की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा, गलत इलाज का आरोप

Dhanbad: गिरिडीह में सड़क दुर्घटना में घायल 24 वर्षीय मिथिलेश कुमार की इलाज के दौरान शुक्रवार को एशियन जालान अस्पताल में मौत हो गई. युवक की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. जानकारी के अनुसार, 20 जून को बाइक से हुए सड़क हादसे में घायल मिथिलेश कुमार को इलाज के लिए एशियन जालान अस्पताल में भर्ती कराया गया था. छह दिनों तक इलाज चलने के बाद 26 जून को उसकी मौत हो गई.
50 हजार रुपये मांगने का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में मिथिलेश कुमार के बजाय मिथिलेश पासवान की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर इलाज किया गया. उनका कहना है कि रिपोर्ट की इस गंभीर चूक के कारण गलत दवाइयां दी गईं, जिससे युवक की हालत बिगड़ती गई और अंततः उसकी जान चली गई. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि शव ले जाने के लिए अस्पताल की ओर से 50 हजार रुपये की मांग की गई. वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने सभी आरोपों से इनकार किया है.
अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों से किया इनकार
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि शव सौंपने के लिए किसी प्रकार की राशि नहीं मांगी गई. साथ ही इलाज में किसी तरह की लापरवाही से भी इंकार करते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक के मस्तिष्क में गंभीर चोट लगी थी और चिकित्सकों ने पूरी चिकित्सकीय प्रक्रिया के अनुसार इलाज किया. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया.
ये भी पढ़ें…
Dhanbad: कोलकाता में तीन मंजिला वेयर हाउस ढांचा गिरने से निरसा के एक मजदूर की मौत, गांव में मातम
पूर्व सैनिकों को झारखंड सरकार का गिफ्ट: जेलों में कक्षपाल के लिए सीधी भर्ती, हर साल बढ़ेगी 8% सैलरी