Saturday, 27 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

समाचार · बिहार

सीवान: सुबह ट्रेन पकड़ने पहुंचे यात्री रह गए परेशान, काउंटर और मशीन दोनों बंद, बिना टिकट करना पड़ा सफर

INT News27 June 2026 at 12:26 pm

सीवान से रवींद्र कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Daraunda Railway Station: पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा-सीवान रेलखंड पर स्थित दरौंदा जंक्शन पर शनिवार सुबह टिकट नहीं मिलने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. टिकट काउंटर का सिस्टम काम नहीं करने और ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) बंद रहने के कारण बड़ी संख्या में यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करने के लिए मजबूर होना पड़ा. इससे स्टेशन पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही.

क्या है पूरा मामला?

यात्रियों ने बताया कि वे सुबह करीब चार बजे टिकट लेने के लिए दरौंदा जंक्शन पहुंचे थे. उस समय टिकट काउंटर खुला था, लेकिन काउंटर पर मौजूद बुकिंग कर्मी ने सिस्टम खराब होने की बात कही. दूसरी ओर स्टेशन पर लगी ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) भी बंद थी. इसके कारण टिकट लेने के लिए कतार में खड़े यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया.

सीवान की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें

बिना टिकट क्यों करनी पड़ी यात्रा?

यात्रियों के अनुसार करीब आधे घंटे तक इंतजार करने के बाद भी टिकट काउंटर और एटीवीएम मशीन से टिकट उपलब्ध नहीं हो सका. इसी दौरान गाड़ी संख्या 55122 सीवान-समस्तीपुर इंटरसिटी पैसेंजर प्लेटफॉर्म संख्या दो पर पहुंच गई. ट्रेन छूटने की आशंका के कारण कई यात्रियों ने बिना टिकट ही ट्रेन में सवार होकर समस्तीपुर सहित विभिन्न स्टेशनों के लिए यात्रा शुरू कर दी.

यात्रियों ने क्या कहा?

बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों ने बताया कि पूरे सफर के दौरान वे कार्रवाई की आशंका से डरे और सहमे रहे. उनका कहना था कि समय पर टिकट नहीं मिलने के कारण उन्हें मजबूरी में बिना टिकट यात्रा करनी पड़ी. यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि टिकट नहीं कटने से रेलवे को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है.

Also Read: सीवान में अगले 48 घंटे में बदल जाएगा मौसम का मिजाज, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, होगी झमाझम बारिश

सीवान: सुबह ट्रेन पकड़ने पहुंचे यात्री रह गए परेशान, काउंटर और मशीन दोनों बंद, बिना टिकट करना पड़ा सफर · Indian News Trust