समाचार · बिहार
दरभंगा में मुहर्रम के खेल के दौरान युवक पर हॉकी स्टिक से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

दरभंगा से अजय यादव की रिपोर्ट
Simri News: दरभंगा जिले के सिमरी थाना क्षेत्र के कंसी गांव में मुहर्रम की नौंवी खेल और चौकी मिलान के दौरान एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया. हमले में गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज दरभंगा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
हॉकी स्टिक और मुगदर से हमला करने का आरोप
घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई गई है. घायल युवक की पहचान कंसी वार्ड-4 निवासी 26 वर्षीय मो. जाहिद अंसारी के रूप में हुई है. इस मामले में गांव के वार्ड-7 निवासी मो. शाहिद, मो. साबिर हुसैन समेत अन्य लोगों को नामजद किया गया है.
पीड़ित के बड़े भाई मो. अशफाक अंसारी ने सिमरी थाना में दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि मुहर्रम के खेल और चौकी मिलान के दौरान उनका भाई हाथ में प्लास्टर होने के कारण कार्यक्रम देख रहा था. इसी दौरान आरोपितों ने हॉकी स्टिक और लकड़ी के मुगदर से उसके सिर और शरीर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया.
निजी अस्पताल में चल रहा इलाज, मुंबई से लौटा था युवक
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को पहले डीएमसीएच पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया. इसके बाद उसे दरभंगा के अल्लपट्टी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. परिजनों के अनुसार, युवक फिलहाल कोमा में है.
परिजनों ने बताया कि मो. जाहिद मुंबई की एक कंपनी में मजदूरी करता था. करीब 25 दिन पहले कार्य के दौरान उसका हाथ टूट गया था, जिसके बाद वह इलाज के लिए गांव लौटा था.
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी मो. शाहिद को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें: मुहर्रम जुलूस में चाकूबाजी, समस्तीपुर में युवक की मौत, दूसरे मामले में युवक पर जानलेवा हमला