समाचार · झारखंड
झारखंड को मिलेंगे 1,042 नये प्राइमरी टीचर, सीएम हेमंत सोरेन 29 जून को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

Teachers Appointment Letter: झारखंड के सरकारी प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में राज्य सरकार एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 जून को 1,042 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. नियुक्ति पत्र वितरण समारोह राजधानी रांची के खेलगांव में दोपहर एक बजे आयोजित होगा. इस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित अभ्यर्थी शामिल होंगे. नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए सभी जिलों की जिला स्थापना समिति ने अपनी अनुशंसा प्राथमिक शिक्षा निदेशालय को भेज दी है.
कक्षा एक से आठ तक के विद्यालयों में होगी नियुक्ति
इस चरण में कक्षा एक से पांच तक के लिए 274 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा. वहीं कक्षा छह से आठ तक के लिए 768 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. इन नियुक्तियों के बाद कई सरकारी विद्यालयों में लंबे समय से खाली पड़े शिक्षकों के पद भर सकेंगे. सरकार का मानना है कि इससे प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था मजबूत होगी तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी.
सामाजिक विज्ञान में सबसे अधिक शिक्षकों की होगी नियुक्ति
कक्षा छह से आठ तक के विद्यालयों में विषयवार नियुक्तियां भी तय कर दी गई हैं. प्रत्येक विद्यालय में भाषा, गणित एवं विज्ञान तथा सामाजिक विज्ञान विषय के लिए स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे. इनमें भाषा विषय के 150, गणित एवं विज्ञान के 231 तथा सामाजिक विज्ञान के सर्वाधिक 387 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलेगा. विषयवार नियुक्ति का उद्देश्य विद्यालयों में सभी प्रमुख विषयों के लिए पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराना है, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो.
पलामू में सबसे अधिक, रामगढ़ में सबसे कम नियुक्तियां
जिलावार नियुक्तियों पर नजर डालें तो सबसे अधिक 123 शिक्षकों की नियुक्ति पलामू जिले में होगी. इसके बाद गिरिडीह में 92, कोडरमा में 81, साहिबगंज में 63, पश्चिमी सिंहभूम में 61, देवघर में 59, दुमका में 54, गोड्डा में 53 और पाकुड़ में 51 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलेगा. दूसरी ओर सबसे कम केवल चार शिक्षकों की नियुक्ति रामगढ़ जिले में होगी. रांची में 36, खूंटी में 12, लोहरदगा में 11, गुमला में 27, सिमडेगा में 21, लातेहार में 41, गढ़वा में 34, पूर्वी सिंहभूम में 39, सरायकेला-खरसावां में 34, हजारीबाग में 15, धनबाद में 42, बोकारो में 24 और जामताड़ा में 39 शिक्षकों की नियुक्ति होगी.
इसे भी पढ़ें: सात साल के लंबे इंतजार के बाद विधवा को मिला न्याय, अदालत ने दिलाया मकान पर कब्जा
26 हजार शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया जारी
राज्य सरकार ने प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में लगभग 26 हजार शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया वर्ष 2023 में शुरू की थी. चरणबद्ध तरीके से नियुक्तियां लगातार की जा रही हैं. अब तक करीब 12,500 शिक्षकों को नियुक्ति दी जा चुकी है. 29 जून को 1,042 और शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलने के बाद यह संख्या और बढ़ जाएगी. सरकार का कहना है कि रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी. शिक्षा विभाग का लक्ष्य है कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को समाप्त कर शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाया जाए.
इसे भी पढ़ें: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, आचार संहिता उल्लंघन मामले की एफआईआर रद्द