समाचार · छत्तीसगढ़
एसटीपी निर्माण में देरी पर नगर निगम कमिश्नर सख्त:जुलाई तक काम पूरा नहीं हुआ तो ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट और 10% पेनाल्टी की चेतावनी
बिलासपुर में अरपा नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए बन रहे सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण में देरी पर नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने मंगला स्थित 10 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी का काम जुलाई तक पूरा करने की चेतावनी दी है। कमिश्नर ने ठेका कंपनी श्रद्धा कंस्ट्रक्शन को एक महीने के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है। ऐसा न होने पर कंपनी पर 10 प्रतिशत पेनाल्टी लगाने और उसे ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी गई है। ठेकेदार पर पहले ही 67 लाख का जुर्माना निगम प्रशासन ने बताया कि ठेकेदार को यह कार्य 2025 तक पूरा करना था। कार्य में देरी के कारण कंपनी पर पहले ही 67 लाख रुपए की पेनाल्टी लगाई जा चुकी है। इसमें 10 एमएलडी एसटीपी में देरी पर 41 लाख रुपए (3% पेनाल्टी) और 6 एमएलडी क्षमता के दूसरे एसटीपी के निर्माण में देरी पर 26 लाख रुपए शामिल हैं। निगम कमिश्नर एवं स्मार्ट सिटी के एमडी प्रकाश कुमार सर्वे ने हाल ही में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत विभिन्न निर्माणाधीन प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंगला में नाले के गंदे पानी को अरपा नदी में जाने से रोकने के लिए बन रहे 10 एमएलडी एसटीपी का भी जायजा लिया। एसटीपी काम में देरी पर कमिश्नर ने जताई नाराजगी निरीक्षण के दौरान काम की धीमी गति पर कमिश्नर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मेसर्स श्रद्धा कंस्ट्रक्शन को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, जिसमें समय पर काम पूरा न होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। मंगला में स्मार्ट सिटी द्वारा कुल दो एसटीपी (10 एमएलडी और 6 एमएलडी) स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें से 6 एमएलडी का काम लगभग पूरा हो चुका है। कोनी कन्वेंशन सेंटर और पार्किंग प्रोजेक्ट का निरीक्षण स्मार्ट सिटी के एमडी ने कोनी स्थित कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देखा कि ऑडिटोरियम में कुर्सियां लगाने और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग जैसे कुछ काम अभी बाकी हैं। उन्होंने ठेकेदार को ये सभी काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पुराने बस स्टैंड में बन रही ऑटोमेटेड शटल टाइप मल्टीलेवल पार्किंग का भी निरीक्षण किया गया और उसे तय समय में पूरा करने को कहा गया। उन्होंने मंगला और कोनी में बन रही सड़कों का भी जायजा लिया और निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।