Saturday, 27 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

समाचार · बिहार

भरत तिवारी के परिजनों से मिले रितेश पांडे और हुलास पांडे, बोले-न्याय मिलने तक लड़ेंगे, दोषियों के खिलाफ होगा स्पीडी ट्रायल

INT News26 June 2026 at 06:09 pm

शाहपुर (आरा) से मिथिलेश्वर प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट

Bharat Tiwari News : शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मिलने भोजपुरी फिल्म अभिनेता एवं गायक रितेश पांडे शुक्रवार को उनके आवास पहुंचे. उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और उनका हालचाल जाना. परिजनों से बातचीत के बाद रितेश पांडे ने कहा कि भरत तिवारी के परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि वह इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़े हैं और जब तक भरत तिवारी एवं उनके परिजनों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका समर्थन जारी रहेगा. रितेश पांडे ने भरत तिवारी को एक सामाजिक कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि न्याय की लड़ाई निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए. इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया तथा हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. उनके आगमन पर गांव में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.

Bharat Tiwari Encounter : दोषियों पर स्पीडी ट्रायल से होगी कार्रवाई : हुलास पांडे

लोजपा के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी हुलास पांडे ने भी शुक्रवार को बिलौटी गांव पहुंचकर कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिया. मुलाकात के बाद हुलास पांडे ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने दीजिए. रिपोर्ट के आधार पर इस प्रकरण में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ स्पीड ट्रायल चलाकर जल्द से जल्द कार्रवाई कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि भरत भूषण तिवारी गरीबों की आवाज थे और समाज के लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते थे.

कटाव पीड़ितों के पुनर्वास के लिए पार्टी प्रतिबद्ध

हुलास पांडे ने आगे कहा कि जवइनिया गांव के कटाव पीड़ितों के पुनर्वास के लिए उनकी पार्टी आज भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है. कटाव प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और उनके अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ी जाएगी. इस दौरान विपुल सिंह, बिडुल पांडेय, मयूर पांडेय, लोजपा के जिलाध्यक्ष राजेश्वर पासवान, नीलेश्वर उपाध्याय, सरोज तिवारी, राघवेंद्र कुमार एवं अमृत प्रसाद सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.

Also Read : जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातक नामांकन से पहले पढ़ लें यह जरूरी खबर, नहीं तो रद्द हो जाएगी दावेदारी