Saturday, 27 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

समाचार · बिहार

उत्तर बिहार में झमाझम बारिश, दक्षिण के कई जिले अब भी प्यासे, 18 जिलों में 50% से ज्यादा कमी

INT News26 June 2026 at 08:47 pm

Bihar Monsoon Update: बिहार में माॅनसून ने एक बार फिर अपनी असमान चाल से चिंता बढ़ा दी है. एक ओर उत्तर बिहार, तराई और सीमांचल के जिलों में लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं. वहीं, दूसरी ओर दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिले अब भी पर्याप्त बारिश का इंतजार कर रहे हैं.

मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने बताया कि 26 जून तक बिहार के 36 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है. इनमें 18 जिलों में 50% से अधिक बारिश की कमी है. केवल किशनगंज और सुपौल ऐसे जिले हैं, जहां सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गयी है. अल नीनो के शुरुआती प्रभाव और मॉनसून की कमजोर गति को इसकी प्रमुख वजह माना जा रहा है.

मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तर बिहार के कई जिलों के लिए भारी बारिश, वज्रपात और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया है. राज्य में माॅनसून की सक्रियता बढ़ने के बावजूद वर्षा का वितरण बेहद असंतुलित बना हुआ है.

2025 की तुलना में बदला माॅनसून का रूप

पिछले वर्ष 26 जून के आसपास बिहार के अधिकांश हिस्सों में माॅनसून अपेक्षाकृत समान रूप से सक्रिय था. इस वर्ष माॅनसून समय से पहले जरूर पहुंचा, लेकिन बीच में इसकी रफ्तार धीमी पड़ गयी. इसके कारण दक्षिण बिहार के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू जैसी स्थिति बनी रही. अब बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने के कारण मानसून फिर एक्टिव हो रहा है और उत्तर बिहार में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है.

अगले कुछ दिनों में राहत की उम्मीद

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अब अनुकूल हैं. अगले दो-तीन दिनों में दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम बिहार के शेष जिलों में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है. इससे खरीफ फसलों की बुआई को गति मिलेगी और भीषण गर्मी व उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

बारिश की सबसे खराब स्थिति पटना में

जिला- कम बारिश

पटना- 83%

बांका- 80%

गोपालगंज- 73%

समस्तीपुर- 72%

नालंदा- 71%

सहरसा- 71%

रोहतास- 69%

मुजफ्फरपुर- 67%

वैशाली- 66%

गया- 65%

भागलपुर- 64%

मधेपुरा- 57%

औरंगाबाद- 57%

जहानाबाद- 54%

खगड़िया- 51%

रोहतास, सीवान, पूर्णिया, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, पश्चिम चंपारण, मुंगेर, बेगूसराय, शिवहर और अरवल जिले में 30 से 50% तक कम बारिश. अररिया, कटिहार, लखीसराय, नवादा और शेखपुरा जैसे जिलों में 10 से 30% तक कम बारिश

उत्तर बिहार में अब तेज हुआ माॅनसून

पिछले दो दिनों में माॅनसून ने उत्तर बिहार में रफ्तार पकड़ी है. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और सुपौल सहित उत्तर व सीमांचल के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश हो रही है. कई स्थानों पर भारी वर्षा, वज्रपात और तेज हवा की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग ने विशेष रूप से अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधुबनी और सुपौल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

दक्षिण बिहार को अब भी अच्छी बारिश का इंतजार

दूसरी ओर पटना, गया, नालंदा, नवादा, जहानाबाद, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, भोजपुर, बक्सर और आसपास के जिलों में अभी तक व्यापक माॅनसूनी वर्षा नहीं हो सकी है. कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई है, लेकिन खरीफ फसलों की बुआई के लिए पर्याप्त पानी अब भी नहीं मिला है.

इसे भी पढ़ें: बिहार को मोदी सरकार ने दिया 2900 करोड़ का तोहफा, जानिए कैसे खर्च होगा पैसा और क्या है 50-50 का फॉर्मूला?

27, 28, 29 जून को बिहार के इन जिलों में 60 KMPH की रफ्तार से चलेगी हवा, बारिश और वज्रपात पर IMD का डबल अलर्ट