Saturday, 27 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

समाचार · बिहार

गोपालगंज में 28 जून को सिपाही भर्ती परीक्षा, जाने से पहले अभ्यर्थी पढ़ लें यह जरूरी गाइडलाइन

INT News26 June 2026 at 08:29 pm

Bihar Police Exam 2026 : (विकास दुबे) गोपालगंज में केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित सिपाही चालक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण का आयोजन रविवार को जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर होगा. परीक्षा में 2352 अभ्यर्थी शामिल होंगे. जिला प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त कराने के लिए सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए हैं.

Gopalganj News: तीन परीक्षा केंद्रों पर होगी भर्ती परीक्षा

सिपाही चालक भर्ती परीक्षा का चौथा चरण रविवार, 28 जून को गोपालगंज जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा. परीक्षा में कुल 2352 अभ्यर्थी शामिल होंगे. सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है.

सीसीटीवी, जैमर और वीडियोग्राफी से होगी निगरानी

परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है. जिला प्रशासन ने सभी केंद्राधीक्षकों और अधिकारियों को केंद्रीय चयन पर्षद के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है.

11 बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश

परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक एक ही पाली में आयोजित होगी. अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुबह 11 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा. इसलिए सभी अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है.

प्रवेश पत्र और पहचान पत्र लाना अनिवार्य

परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ वैध फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा. प्रवेश द्वार पर दस्तावेजों का सत्यापन और सघन जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलेगा. बिना प्रवेश पत्र या पहचान पत्र के किसी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

मोबाइल समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध

परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक पेन, कैलकुलेटर और अन्य सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. यदि किसी अभ्यर्थी के पास प्रतिबंधित सामग्री पाई जाती है, तो उसके खिलाफ केंद्रीय चयन पर्षद के नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी.

इन केंद्रों पर होगी परीक्षा

वीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय – 360 अभ्यर्थी.

डीएवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय – 888 अभ्यर्थी.

एसएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय – 1104 अभ्यर्थी.

कुल 2352 अभ्यर्थी चौथे चरण की परीक्षा में शामिल होंगे.