समाचार · मध्य प्रदेश
बुरहानपुर में मोहर्रम पर 30 से अधिक ताजिए ठंडे:ताप्ती नदी के पीपल घाट पर देर रात तक चला विसर्जन
बुरहानपुर में मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। शहर के विभिन्न मोहल्लों में बनाए गए 30 से अधिक छोटे-बड़े ताजियों को शनिवार शाम ताप्ती नदी के पीपल घाट पर ठंडा किया गया। यह सिलसिला देर रात 9 बजे तक जारी रहा। ताजियों का चल समारोह शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से निकलकर इकबाल चौक पहुंचा। यहां से सभी ताजिए ताप्ती नदी के पीपल घाट ले जाए गए, जहां उन्हें विसर्जित करने की प्रक्रिया शुरू हुई। परंपरा के अनुसार, मोहर्रम की 11वीं तारीख को ताजियों को ठंडा किया जाता है। युवा नाव में सवार होकर ताजियों को नदी के बीच तक ले गए और सम्मानपूर्वक विसर्जित किया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शहर और ताप्ती नदी के घाटों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की मदद से हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सका।