समाचार · उत्तर प्रदेश
मंदसौर में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत:दर्शन के लिए जा रहे थे तीन दोस्त; बारिश से बचने पेड़ के नीचे रुके, दो घायल
मंदसौर जिले के अफजलपुर क्षेत्र में शनिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। इस घटना में उसके दो साथी मामूली रूप से घायल हो गए। तीनों युवक सुवासरा क्षेत्र के ग्राम बर्डिया के निवासी थे और पल्सर बाइक से अंबाजी धाम निपानिया दर्शन के लिए जा रहे थे। मृतक की पहचान लक्ष्मण सिंह पुत्र नेपाल सिंह (24 वर्ष) निवासी ग्राम बर्डिया, तहसील सुवासरा के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए उसके साथी नरेंद्र पुत्र शंभूलाल सेन (23 वर्ष) और अमर सिंह पुत्र गुमान सिंह (17 वर्ष) को मामूली चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक शनिवार को पल्सर बाइक से अंबाजी धाम दर्शन के लिए निकले थे। अफजलपुर के समीप तेज बारिश शुरू होने पर वे बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से लक्ष्मण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। उसके दोनों साथी इस दौरान बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल 108 एम्बुलेंस को बुलाया। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से युवकों को धुधड़का अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने लक्ष्मण सिंह को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अफजलपुर थाना प्रभारी हरीश मालवीय ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया युवक की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।