Saturday, 27 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

sports

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा उलटफेर, इक्वाडोर ने जर्मनी को हराकर रचा इतिहास

INT News26 June 2026 at 04:30 pm

Ecuador Beat Germany: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में गुरुवार को सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब इक्वाडोर ने चार बार की चैंपियन जर्मनी को 2-1 से हराकर राउंड ऑफ 32 में जगह पक्की कर ली. वर्ल्ड कप इतिहास में यह सिर्फ दूसरा मौका है, जब इक्वाडोर ग्रुप स्टेज पार करने में सफल रहा है. वहीं आइवरी कोस्ट ने भी आसानी से नॉकआउट में जगह बना ली है.

जर्मनी ने मुकाबले के दूसरे मिनट में ही लेरॉय साने के गोल की बदौलत बढ़त बना ली थी, लेकिन इक्वाडोर ने शानदार वापसी करते हुए मैच का रुख पलट दिया. निलसन अंगुलो ने नौवें मिनट में टूर्नामेंट का अपना पहला गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. दूसरे हाफ में सब्स्टीट्यूट केविन रोड्रिगेज ने शानदार फ्लिक-ऑन किया, जिस पर गोंजालो प्लाटा ने गोल कर इक्वाडोर को 2-1 की बढ़त दिला दी. इसके बाद इक्वाडोर ने लगातार जर्मन डिफेंस पर दबाव बनाए रखा और आखिरकार जीत हासिल कर ली.

13 साल बाद इक्वाडोर ने किसी यूरोपीय टीम को हराया

इस जीत के साथ इक्वाडोर ने 13 साल बाद किसी यूरोपीय टीम को हराने का कारनामा किया. इससे पहले उसने 2013 में एक अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली मैच में पुर्तगाल को हराया था. वहीं जर्मनी को वर्ल्ड कप ग्रुप स्टेज में किसी दक्षिण अमेरिकी टीम के खिलाफ पहली बार हार का सामना करना पड़ा. यह नतीजा टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर है.

🚨 HISTORY MADE! 🇪🇨🔥

🏆 🇪🇨 OFFICIAL:

ECUADOR BECOME THE SECOND 3RD-PLACED TEAM TO QUALIFY FOR THE ROUND OF 32! 🏆 pic.twitter.com/z5kd6PtbHo

— World Cup 2026 (@ofootball__) June 25, 2026

आइवरी कोस्ट ने आसानी से बनाई नॉकआउट में जगह

कुराकाओ के खिलाफ 2-0 की जीत के साथ आइवरी कोस्ट ने राउंड ऑफ 32 का टिकट पक्का कर लिया. निकोलस पेपे ने दोनों गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. पेपे वर्ल्ड कप में अपनी टीम के लिए दो गोल करने वाले केवल दूसरे खिलाड़ी बन गए. 19 वर्षीय यान डियोमांडे ने भी इतिहास रचते हुए 1994 के बाद वर्ल्ड कप में असिस्ट देने वाले पहले अफ्रीकी किशोर खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया.

यह भी पढ़ें: घरेलू मैदान पर मेक्सिको का जलवा, चेकिया को चारों खाने चित कर रचा नया इतिहास