समाचार · बिहार
सीवान जंक्शन पर RPF का एक्शन, तत्काल टिकटों की कालाबाजारी करने के आरोप में तीन गिरफ्तार

Siwan News : (अमर नाथ शर्मा) सीवान जंक्शन पर तत्काल टिकटों की कथित कालाबाजारी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई की है. आरपीएफ और अपराध आसूचना शाखा छपरा की संयुक्त टीम ने आरक्षण हॉल में छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से तत्काल एसी टिकट, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान बरामद किए गए हैं.
आरक्षण हॉल में संयुक्त छापेमारी
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वाराणसी के निर्देश पर एसी तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान और अपराध आसूचना शाखा छपरा की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को सीवान जंक्शन के आरक्षण हॉल में कार्रवाई की. इस दौरान कथित रूप से टिकटों की कालाबाजारी कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया.
तीन आरोपित गिरफ्तार, टिकट और मोबाइल जब्त
आरपीएफ इंस्पेक्टर सुभाष यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शाह आलम, मोहम्मद अरमान और मुन्ना आलम के रूप में हुई है. इनके पास से तीन तत्काल आरक्षित एसी टिकट, सादा आरक्षण मांग पत्र, दो मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई. बरामद टिकटों का मूल्य 25,100 रुपये, जबकि जब्त सामग्री का कुल मूल्य 35,591 रुपये बताया गया है.
अधिक कीमत पर टिकट बेचने का आरोप
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित रेलवे आरक्षण काउंटर से तत्काल और सामान्य टिकट प्राप्त कर जरूरतमंद यात्रियों को निर्धारित मूल्य से 200 से 300 रुपये अधिक लेकर बेचते थे. आरपीएफ के अनुसार यह रेलवे अधिनियम का उल्लंघन है.
रेल अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला
आरपीएफ ने इस मामले में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान में रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत मुकदमा संख्या 373/26 दर्ज किया है. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.
यात्रियों से आरपीएफ की अपील
आरपीएफ इंस्पेक्टर सुभाष यादव ने कहा कि रेलवे टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे केवल अधिकृत रेलवे काउंटर या अधिकृत ऑनलाइन माध्यमों से ही टिकट खरीदें. यदि टिकटों की अवैध बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल आरपीएफ को सूचित करें.
Also Read : सीवान में नकली ‘आशीर्वाद पाइप’ बेचने वाले बेनकाब, दुकान पर छापा, मैरवा से भारी मात्रा में सामान जब्त