Saturday, 27 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

समाचार · उत्तर प्रदेश

यूपी के 26 जिलों में अलर्ट: प्रयागराज में तेज बारिश, इन जगहों पर पारा 44℃ के पार, जानिए कब तक आएगा मानसून

INT News25 June 2026 at 01:38 pm

UP Weather: उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री अब बेहद करीब है, लेकिन उससे पहले प्रदेशवासियों को गर्मी और उमस का दौर झेलना पड़ेगा. मौसम केंद्र लखनऊ की 24 जून और 25 जून की रिपोर्ट के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा बिहार की ओर तेजी से बढ़ रही है और अगले 2-3 दिनों में पूर्वी यूपी के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. वहीं दूसरी ओर प्रदेश के अधिकांश जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश होने के कारण तापमान लगातार ऊपर बना हुआ है.

यूपी के पूर्वी जिलों में 28 जून तक मानसून करेगी एंट्री

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है. मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल बिहार के करीब सक्रिय है. विभाग का आकलन है कि अगले 2-3 दिनों में मानसून गोरखपुर, महराजगंज और आसपास के पूर्वी जिलों से यूपी में प्रवेश कर सकता है, इसके बाद इसका विस्तार तेजी से पश्चिम की ओर होगा और जून के आखिर तथा जुलाई के पहले सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्से मानसूनी बारिश के दायरे में आ सकते हैं.

प्रदेश में बारिश का बड़ा घाटा

मौसम केंद्र की रिपोर्ट बताती है कि 24 जून तक पूरे उत्तर प्रदेश में सामान्य 58.2 मिमी वर्षा के मुकाबले केवल 26.5 मिमी बारिश दर्ज हुई है. प्रदेश में 54 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है. हालांकि सामान्य तौर पर मानसून 20 जून तक यूपी में दस्तक दे देता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी रहने से आगमन में करीब एक सप्ताह से अधिक की देरी हो रही है.

पूर्वी यूपी में 67% बारिश की कमी

पश्चिमी यूपी में 29% बारिश की कमी

पूरे प्रदेश में 54% वर्षा घाटा

बांदा सबसे गर्म, कई शहरों में 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा

25 जून को जारी तापमान रिपोर्ट के अनुसार बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके अलावा प्रयागराज में 43.4 डिग्री, फतेहपुर में 42.2 डिग्री, फतेहगढ़ और झांसी में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ है.

लू जैसी बनेंगी परिस्थितियां

लखनऊ में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि गोरखपुर 40.4 डिग्री और वाराणसी बीएचयू 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. कई जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जो लू जैसी परिस्थितियों की ओर इशारा करता है.

अगले कुछ दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 26 और 27 जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और उमस बनी रहेगी. पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में बादल छाने और छिटपुट बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं, जबकि पश्चिमी यूपी में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा.

26 जून 2026 दिन शुक्रवार

अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने के आसार

तापमान में हल्की बढ़ोतरी

उमस में रहेगा इजाफा

27 जून 2026 दिन शनिवार

पूर्वी यूपी में लू और गर्म हवाओं के असर

पश्चिमी जिलों में भी गर्मी रहेगी बरकरार

28 जून 2026 दिन रविवार

गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर समेत पूर्वी जिलों में मानसून की पहली बारिश की संभावना

पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रह सकता है.

29 जून 2026 दिन सोमवार

पूर्वी यूपी में व्यापक बारिश के संकेत.

लखनऊ समेत मध्य यूपी में बादल और बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी.

30 जून से 1 जुलाई

पूर्वी और मध्य यूपी में अच्छी बारिश होने की संभावना.

पश्चिमी यूपी में भी गरज-चमक और बारिश की शुरुआत होगी.

तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद.

यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें