Sunday, 28 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

समाचार · मध्य प्रदेश

सतना में तेज रफ्तार बोलेरो बाड़ी तोड़कर घर में घुसी:बुजुर्ग महिला की मौत, मैहर अस्पताल में तोड़ा दम; मासूम समेत तीन घायल, आरोपी फरार

INT News27 June 2026 at 09:55 pm

सतना के देउरी गांव में शनिवार रात करीब 7:30 बजे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो सड़क किनारे बने एक मकान की बाड़ी को ढहाते हुए सीधे घर में घुस गई। इस हादसे के वक्त घर में मौजूद एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक बुजुर्ग महिला ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पानी भरने के बाद घर के आंगन में बैठा था परिवार पीड़ित परिवार के सदस्य रविशंकर कोरी ने बताया कि शनिवार शाम को घर के सभी लोग पानी भरने के बाद मकान के अंदर बनी बाड़ी (आंगन) में एक साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान मुख्य मार्ग से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि वाहन सीधे बाड़ी की दीवार और फेंसिंग को तोड़ता हुआ घर के भीतर घुस गया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने तुरंत मलबे और वाहन के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला। हादसे के बाद आरोपी बोलेरो चालक मौके पर ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। अमरपाटन से सतना रेफर किया, रास्ते में तोड़ा दम हादसे का शिकार हुए सभी लोगों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से मैहर जिले के अमरपाटन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की पहचान प्रेमवती कोरी (61 वर्ष), सीमा कोल (42), माया साकेत (45) और 4 वर्षीय मासूम उदय मान के रूप में हुई है। अमरपाटन अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद प्रेमवती कोरी और सीमा कोल की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन सतना ले जाते समय रास्ते में ही 61 वर्षीय प्रेमवती कोरी की मौत हो गई। पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की तलाश घटना की सूचना मिलते ही रामपुर बघेलान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बोलेरो वाहन को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। बाकी तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।