Saturday, 27 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

sports

फॉर्म में होने के बावजूद क्यों नहीं मिला मौका? वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू में ये 3 वजहें बनीं रोड़ा

INT News26 June 2026 at 06:44 pm

Vaibhav Sooryavanshi: भारत और आयरलैंड के बीच बेलफास्ट में खेले जा रहे पहले टी20 मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. इसके बाद फैंस के बीच सवाल उठने लगे कि आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीतने वाले बल्लेबाज को मौका क्यों नहीं दिया गया.

हालांकि, टीम मैनेजमेंट के इस फैसले के पीछे कुछ अहम वजहें हैं. आमतौर पर किसी भी विदेशी दौरे पर प्लेइंग इलेवन चुनते समय तीन बातों पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया जाता है. जिसमें खिलाड़ी की फॉर्म, नेट्स में उसकी तैयारी और टीम मैनेजमेंट की रणनीति भी शामिल होती है.

फॉर्म के बावजूद नहीं मिला मौका

वैभव शानदार फॉर्म में हैं. आईपीएल 2026 में उन्होंने सबसे ज्यादा 776 रन बनाए थे. इसके अलावा हाल ही में इंडिया ए के लिए श्रीलंका दौरे पर उन्होंने 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेली थी. लेकिन भारतीय टीम में पहले से संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे अनुभवी ओपनर मौजूद हैं. बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक भी साफ कर चुके हैं कि सिर्फ किसी युवा खिलाड़ी को मौका देने के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे सीनियर खिलाड़ियों को बाहर नहीं किया जा सकता.

तैयारी के लिए मिला कम समय

बेलफास्ट में भारतीय टीम को मैच से पहले ज्यादा अभ्यास का मौका नहीं मिला. टीम ने सिर्फ एक ट्रेनिंग सेशन किया. ऐसे में मैनेजमेंट ने उन खिलाड़ियों पर भरोसा जताया जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और विदेशी परिस्थितियों का अनुभव रखते हैं. वैभव के पास प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन सीमिंग कंडीशंस में बिना पर्याप्त तैयारी के डेब्यू कराना टीम मैनेजमेंट को सही नहीं लगा.

टीम कॉम्बिनेशन भी बना वजह

कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस के दौरान साफ कहा कि टीम फिलहाल उन खिलाड़ियों के साथ जा रही है जिन्होंने हाल के समय में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया है. भारत ने इस मैच में तीन तेज गेंदबाज, एक ऑलराउंडर और दो स्पिनरों के साथ उतरने का फैसला किया. आयरलैंड सीरीज के बाद भारत को इंग्लैंड के खिलाफ अहम टी20 सीरीज खेलनी है. ऐसे में टीम मैनेजमेंट अनुभवी खिलाड़ियों को लगातार मौके देकर कॉम्बिनेशन बनाए रखना चाहता है.

अभी करना होगा इंतजार

वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं मिलने से फैंस जरूर निराश हैं, लेकिन यह फैसला उनकी प्रतिभा पर सवाल नहीं है. टीम मैनेजमेंट उन्हें जल्दबाजी में नहीं, बल्कि सही समय पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उतारना चाहता है. ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट के इस युवा सितारे को डेब्यू के लिए ज्यादा लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. उम्मीद है कि वैभव को 28 जून का डेब्यू करने का मौका मिलेगा.

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी का नहीं हुआ डेब्यू, श्रेयस अय्यर ने बताई प्लेइंग XI से बाहर रखने की वजह