Saturday, 27 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

sports

57 रन लुटाकर प्रसिद्ध कृष्णा ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड, T20I इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा

INT News26 June 2026 at 09:03 pm

Prasidh Krishna : भारत और आयरलैंड के बीच बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जिसे वह शायद ही याद रखना चाहेंगे. प्रसिद्ध T20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में लगातार दो मैचों में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाज बन गए हैं.

प्रसिद्ध कृष्णा ने इस मुकाबले में अपने चार ओवर के स्पेल में बिना कोई विकेट लिए 57 रन खर्च किए. इससे पहले उन्होंने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुवाहाटी टी20 में 4 ओवर में 68 रन दिए थे. इस तरह लगातार दो T20I मैचों में उनके नाम 125 रन दर्ज हो गए, जो एक अनचाहा रिकॉर्ड है.

महंगा साबित हुआ स्पेल

प्रसिद्ध सातवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए थे. उन्होंने शुरुआती गेंदों पर अच्छी लाइन-लेंथ दिखाई, लेकिन उसी ओवर में दो छक्के खाकर 14 रन दे बैठे. इसके बाद उन्होंने कुछ अच्छी गेंदें जरूर डालीं, लेकिन आयरलैंड के बल्लेबाज लगातार उन पर दबाव बनाते रहे. लॉर्कन टकर और गैरेथ डेलानी ने उनके खिलाफ खुलकर शॉट लगाए.

आखिरी ओवर में हुई जमकर धुनाई

प्रसिद्ध का सबसे महंगा ओवर उनका आखिरी ओवर साबित हुआ. जॉर्ज डॉकरेल ने ओवर की शुरुआत चौके से की, जबकि डेलानी ने एक चौका और लगातार तीन छक्के जड़ दिए. इस ओवर में कुल 27 रन बने. यह T20 इंटरनेशनल में आयरलैंड के खिलाफ किसी भारतीय गेंदबाज का सबसे महंगा ओवर भी बन गया. यॉर्कर और स्लोअर गेंदों की उनकी कोशिशें भी बल्लेबाजों को रोक नहीं सकीं. प्रसिद्ध के ओवर के कारण आयरलैंड की टीम 9 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाने में कामयाब रही.

सवालों के घेरे में प्रदर्शन

प्रसिद्ध कृष्णा को इस सीरीज के लिए चोटिल मोहम्मद सिराज की जगह भारतीय टीम में शामिल किया गया था. हालांकि पहले ही मैच में उनका प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका. प्रसिद्ध के पास गति और उछाल जैसी खूबियां हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी सबसे बड़ी समस्या निरंतरता रही है. यही वजह है कि उन्हें टीम में शामिल किए जाने के फैसले पर पहले से ही सवाल उठ रहे थे और अब यह प्रदर्शन उन चर्चाओं को और बढ़ा सकता है. भारत के लिए यह राहत की बात रही कि टीम ने मैच में वापसी की, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा के लिए बेलफास्ट का यह मुकाबला लंबे समय तक एक कड़वी याद बनकर रह सकता है.

यह भी पढ़ें: बेन स्टोक्स ने रचा इतिहास, टेस्ट में ऐसा कारनामा करने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बने