समाचार · मध्य प्रदेश
मुन्ना भाई स्टाइल में परीक्षा देने पहुंचे दो युवक:रीवा में 420 का केस दर्ज; रिश्तेदारों की जगह परीक्षा दे रहे दो आरोपी
रीवा के टीआरएस कॉलेज में परीक्षा के दौरान दो फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ा गया। दोनों आरोपी मुन्ना भाई एमबीबीएस की तर्ज पर दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने पहुंचे थे। कॉलेज प्रबंधन ने दोनों को पकड़कर सिविल लाइन पुलिस के हवाले कर दिया। शनिवार शाम दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420 सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय भोपाल द्वारा परीक्षाओं का आयोजन कराया जा रहा है। भोज मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र टीआरएस कॉलेज को बनाया गया है। यहां प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित हो रही थी। स्नातक और स्नातकोत्तर परीक्षाओं के दौरान वीक्षकों द्वारा नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान एमसीए परीक्षा में एक परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र पर संदेह हुआ। पूछताछ में खुलासा हुआ कि सज्जन सिंह की जगह पुष्पराज सिंह चौहान निवासी कमर्जी, सीधी परीक्षा दे रहा था। आरोपी अपने चचेरे भाई की जगह परीक्षा में शामिल हुआ था। एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़े जाने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने गहन जांच शुरू की। इस दौरान बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा में भी एक और फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। यहां सुखेंद्र पटेल निवासी हनुमना अपने जीजा रंजीत पटेल की जगह परीक्षा दे रहा था। पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान सुखेंद्र पटेल निवासी हनुमना और पुष्पराज सिंह चौहान निवासी कमर्जी, सीधी के रूप में हुई है। कॉलेज प्रबंधन ने दोनों को सिविल लाइन पुलिस के हवाले कर दिया। महाविद्यालय प्राचार्य ने बताया कि मामले में जांच के बाद पुलिस को सूचना दी गई थी। शनिवार शाम दोनों आरोपियों के खिलाफ 420 सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं जिन मूल परीक्षार्थियों की जगह दोनों आरोपी परीक्षा देने पहुंचे थे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।