समाचार · छत्तीसगढ़
रायपुर में चाकू की नोक पर युवती का अपहरण:घर में बंधक बनाकर रखा, मुंह में कपड़ा ठूंसकर खाट के नीचे छिपाया; पुलिस-परिजनों ने छुड़ाया
राजधानी रायपुर से लगे आरंग थाना क्षेत्र में 22 साल की युवती के कथित अपहरण और बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का रहने वाला हनी उर्फ दीपक ने रास्ते में युवती को रोका और चाकू दिखाकर जबरदस्ती अपने साथ ले गया। इसके बाद उसे अपने घर में बंधक बनाकर रखा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, अवैध रूप से बंधक बनाने, धमकी देने और महिला से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानिए पूरा मामला आरंग पुलिस के मुताबिक, युवती शनिवार को अपनी नानी के घर से वापस लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी ने रास्ते में उसका मुंह दबाकर और चाकू दिखाकर उसे अपने कब्जे में ले लिया। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद आरोपी ने युवती के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, दोनों हाथ पीछे बांध दिए और उसे खाट के नीचे छिपाकर रखा, ताकि किसी को उसकी मौजूदगी का पता न चल सके। तलाश के बाद खाट के नीचे बंधी मिली काफी देर तक युवती घर नहीं लौटी तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने रिश्तेदारों और गांव वालों के साथ उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान शक पड़ोसी युवक हनी उर्फ दीपक पर गया। इसके बाद परिजन उसके घर पहुंचे और वहां जांच की। घर में युवती खाट के नीचे मिली, उसके हाथ बंधे हुए थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। परिजनों ने तुरंत उसे वहां से छुड़ाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। एडिशनल एसपी अभिषेक झा के मुताबिक पुलिस ने युवती का बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध कायम किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।