Saturday, 27 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

समाचार · मध्य प्रदेश

एमपी के पन्ना में निर्माणाधीन कुआं धंसा, हादसे में 5 लोगों की मौत, दो की बचाई गई जान

INT News26 May 2026 at 06:12 pm

MP Big Accident: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के बेहरपुरवा में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया है. नयापुरवा इलाके में निर्माणाधीन कुआं धंसने से पांच लोगों की मौत हो गई है. हादसे के समय मजदूर कुआं खोद रहे थे इसी दौरान मिट्टी धंसने से यह घटना हो गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद आनन-फानन में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. तत्काल प्रभाव में राहत और बचाव कार्य शुरु किया गया. हादसे के बाद दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, लेकिन पांच लोगों को नहीं बचाया जा सका.

मनरेगा के तहत मजदूर कर रहे थे कुएं की खुदाई

पन्ना की पुलिस अधीक्षक (SP) निवेदिता नायडू ने बताया कि मजदूर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत बनाए जा रहे सार्वजनिक सिंचाई कुएं की खुदाई कर रहे थे, इसी दौरान मिट्टी धंस गई और वे मलबे के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान आशीष यादव, राजकुमार यादव, रामपाल यादव, चुन्नू यादव और चुनवाद पाल के रूप में हुई है.

हर संभव मदद का आस्वासन

नायडू ने बताया कि सभी शवों को मलबे से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर जिला कलेक्टर उषा परमार मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान का जायजा लिया. नायडू ने कहा कि जिलाधिकारी ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है.