national · महाराष्ट्र
पुणे मर्डर केसः सिया के भाई का दोस्त था चेतन, उसी ने कराई थी दोनों की मुलाकात

Pune Murder Case : पुणे के चर्चित लोहागढ़ किला मौत मामले की जांच में नया खुलासा हुआ है. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी चेतन चौधरी की पहचान सबसे पहले सिया गोयल के भाई साहिल गोयल से क्रिकेट खेलते समय हुई थी. हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, दोनों की दोस्ती साल 2024 में क्रिकेट के मैदान पर हुई और इसी दोस्ती के जरिए चेतन की मुलाकात सिया से हुई.
दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदली
पुलिस जांच में सामने आया कि क्रिकेट से शुरू हुई पहचान जल्द ही सिया और चेतन की गहरी दोस्ती में बदल गई. इसके बाद चेतन का गोयल परिवार में आना-जाना बढ़ गया. पुलिस का मानना है कि इसी दौरान दोनों के बीच करीबी रिश्ता विकसित हुआ.
भाई को पहले से थी रिश्ते की जानकारी
पुलिस ने सिया के भाई साहिल से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की. पूछताछ में साहिल ने बताया कि उसे कई महीनों पहले ही सिया और चेतन के रिश्ते की जानकारी मिल गई थी. उसने अपनी बहन को समझाया था कि वह यह रिश्ता खत्म कर दे, क्योंकि उसकी सगाई पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल से हो चुकी थी.
शादी की तैयारियां भी करती रही सिया
पुलिस जांच के मुताबिक, चेतन से संबंध होने के बावजूद सिया शादी की तैयारियों में पूरी तरह शामिल रही. वह अक्सर केतन के परिवार से मिलने भी जाती थी और शादी की योजनाओं में हिस्सा लेती थी. दोनों ने बाली में प्री-वेडिंग फोटोशूट कराने की भी योजना बनाई थी.
अब परिवार की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या परिवार के किसी अन्य सदस्य को इस रिश्ते की जानकारी थी और क्या किसी ने पहले से ऐसे संकेत देखे थे, जिनसे कथित साजिश का अंदेशा लगाया जा सकता था. फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच लगातार जारी है.
यह भी पढ़े- राम मंदिर दान चोरी का बड़ा खुलासाः 80 लाख रुपये कैश बरामद, आठों आरोपियों से पूछताछ जारी