Sunday, 28 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

समाचार · छत्तीसगढ़

कोरबा में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई:खनिज विभाग ने 14 स्थानों पर छापा मारकर टीपर-ट्रैक्टर जब्त किए

INT News27 June 2026 at 09:48 pm

कोरबा जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए शनिवार को एक विशेष अभियान चलाया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत चार खनिज जांच दलों ने जिले के 14 संदिग्ध स्थानों पर सघन जांच की। इनमें सीतामढ़ी, बरमपुर, कपाटमुडा, सरईसिंगार, कुचना मोड़, बरबसपुर, कटबिटला, भैसामुडा़, राहडी, मुनगड़ी, आमाखोखरा, कसानिया, लखनपुर और धवईपुर शामिल हैं। जांच के दौरान बरमपुर और पाली में रेत का अवैध परिवहन कर रहे एक टीपर और एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। इन वाहनों को हरदीबाजार और पाली थाना की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है। अवैध उत्खनन और परिवहन रोकने पर जोर खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रतिबंध सुनिश्चित करना है। इसका लक्ष्य अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना और शासकीय राजस्व की हानि को रोकना भी है। नियमों का उल्लंघन करने वाले, अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन के विरुद्ध यह सघन अभियान लगातार जारी रहेगा। अब ड्रोन कैमरे से भी निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई:खनिज विभाग ने 14 स्थानों पर छापा मारकर टीपर-ट्रैक्टर जब्त किए · Indian News Trust