समाचार · बिहार
दुर्गा मां के गले से 2 सोने की हार चोरी, CCTV में कैद हुई युवती की करतूत, सीवान पुलिस जांच में जुटी

Siwan News : (अरविंद कुमार सिंह) सीवान शहर के महादेव रोड स्थित कचहरी दुर्गा मंदिर में रविवार शाम मां दुर्गा के गले से दो सोने के हार चोरी होने की घटना सामने आई. पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. घटना के बाद श्रद्धालुओं में आक्रोश है और पुलिस आरोपी युवती की तलाश में जुट गई है.
पुजारी के जाते ही वारदात को दिया अंजाम
मंदिर के पुजारी के अनुसार वह मोटर चालू करने के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान एक युवती मंदिर में पहुंची और “मां” कहकर प्रतिमा के सामने खड़ी हो गई। मौका मिलते ही उसने मां दुर्गा के गले में पड़े दो सोने के हार काट लिए और तेजी से वहां से फरार हो गई.
घटना CCTV में हुई कैद
हार चोरी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें युवती चोरी के बाद हार लेकर भागती हुई स्पष्ट दिखाई दे रही है.
एसपी और SDPO ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना पर नगर थाना अध्यक्ष के अलावा एसडीपीओ और पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा भी मंदिर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को जल्द से जल्द आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
पुलिस बोली- जल्द होगी गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवती की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर चोरी गए दोनों सोने के हार बरामद कर लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है.
श्रद्धालुओं में नाराजगी, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
मंदिर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। पुलिस ने मंदिर परिसर में अतिरिक्त निगरानी रखने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
Also Read : शाहनवाज हुसैन: भरत तिवारी मामले में न्यायिक जांच का इंतजार करें, बिहार में कानून का राज है