Saturday, 27 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

समाचार · बिहार

मुहर्रम जुलूस देखने कट्टे के साथ पहुंचे दो नाबालिग, बेगूसराय पुलिस ने हिरासत में लिया

INT News26 June 2026 at 05:54 pm

खोदावंदपुर (बेगूसराय) से राजेश कुमार की रिपोर्ट

Begusarai Muharram Procession : बेगूसराय पुलिस ने दो नाबालिग युवकों को देशी कट्टे के साथ पकड़ा है. दोनों ही अवैध हथियार के साथ मुहर्रम जुलूस की तैयारी देखने पहुंचे थे. मामला खोदावंदपुर प्रखंड का है. पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में बेगूसराय भेज दिया है. थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि उनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस के अनुसार एक युवक के पास से मिला देशी कट्टा जब्त कर लिया गया है.

मुहर्रम जुलूस की तैयारी देखने पहुंचे थे युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात दोनों नाबालिग युवक बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के मटकोरा टोला में मुहर्रम जुलूस की तैयारी देखने पहुंचे थे. इसी दौरान मौजूद लोगों की नजर उनके पास मौजूद देशी कट्टा पर पड़ गई. इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और इसकी सूचना तत्काल खोदावंदपुर पुलिस को दी.

तलाशी के दौरान देशी कट्टा बरामद

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली. तलाशी के दौरान देशी कट्टा बरामद होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया तथा शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में बेगूसराय भेज दिया गया. घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध अभियान रहेगा जारी

पुलिस का कहना है कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए लगातार गश्ती और निगरानी की जा रही है. अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Also Read : सीवान में नकली ‘आशीर्वाद पाइप’ बेचने वाले बेनकाब, दुकान पर छापा, मैरवा से भारी मात्रा में सामान जब्त