sports
आयरलैंड ने रचा इतिहास, T20I में पहली बार भारत को दी करारी शिकस्त

IRE vs IND: आयरलैंड ने बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में इतिहास रच दिया. मेजबान टीम ने भारत को 34 रन से हराकर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी पहली जीत दर्ज की. इससे पहले दोनों टीमों के बीच खेले गए सभी टी20 मुकाबलों में भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा था, लेकिन इस बार आयरलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास अपने नाम कर लिया.
खराब शुरुआत के बाद संभली आयरलैंड की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम ने 7.1 ओवर में सिर्फ 51 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट गंवा दिए थे. उस समय ऐसा लग रहा था कि आयरलैंड बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाएगी. हालांकि कप्तान लॉर्कन टकर और गैरेथ डेलानी ने पारी को संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 64 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मैच में वापस ला दिया.
टकर और डेलानी ने खेली अहम पारियां
कप्तान लॉर्कन टकर ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 36 गेंदों पर 50 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. टकर के आउट होने के बाद गैरेथ डेलानी ने आक्रामक अंदाज जारी रखा. उन्होंने जॉर्ज डॉकरेल के साथ छठे विकेट के लिए 49 रन जोड़े. डॉकरेल ने 10 गेंदों पर 19 रन का योगदान दिया, जबकि डेलानी 32 गेंदों पर 49 रन बनाकर आउट हुए. अपनी पारी में उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के लगाए. इन दोनों बल्लेबाजों की पारियों की बदौलत आयरलैंड की टीम 182 रन के प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचने में सफल रही.
हर्षित राणा रहे सबसे सफल गेंदबाज
भारतीय गेंदबाजों में हर्षित राणा सबसे सफल रहे. उन्होंने 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट झटके. अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट हासिल किए. अक्षर पटेल ने भी 2 विकेट अपने नाम किए, जबकि शिवम दुबे को 1 सफलता मिली.
भारत की खराब शुरुआत
एक छोर से अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और महज 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने 50 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर भारत को मुकाबले में बनाए रखा, लेकिन उनके आउट होते ही टीम की मुश्किलें फिर बढ़ गईं. इसके बाद तिलक वर्मा 19 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वाशिंगटन सुंदर 9 रन और शिवम दुबे 25 रन का योगदान देकर पवेलियन लौट गए. लगातार विकेट गिरने के कारण भारतीय टीम लक्ष्य से दूर होती चली गई.
भारत की पारी 148 पर सिमटी
एक समय भारत के 7 विकेट गिर चुके थे और आयरलैंड मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर चुका था. ऐसे में भारत को जीत के लिए आखिरी 24 गेंदों में 48 रन की दरकार थी, जबकि उसके हाथ में सिर्फ तीन विकेट शेष थे. इसके बाद अक्षर पटेल 15 रन बनाकर आउट हो गए. उसके बाद हर्षित राणा 8 और अर्शदीप सिंह 2 रन बनाकर आउट हो गए. भारत की पूरी टीम 148 पर सिमट गई. आयरलैंड के लिए आयरलैंड के लिए मैथ्यू हम्फ्रीज ने 3, मैट हॉलैंड ने 3, जय मूंड़ा ने 2, लियम मक्कार्थी ने 1 और गैरेथ डेलेनी 1 विकेट लेकर भारत को सस्ते में समेट दिया.
17 साल बाद मिली पहली जीत
भारत और आयरलैंड के बीच टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली भिड़ंत साल 2009 में हुई थी. इसके बाद दोनों टीमें कई मौकों पर आमने-सामने आईं, लेकिन हर बार भारतीय टीम ने बाजी मारी. आयरलैंड को भारत के खिलाफ अपनी पहली जीत का इंतजार था, जो आखिरकार 17 साल बाद खत्म हुआ.
26 जून 2026 को बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में आयरलैंड ने भारत को 34 रन से हराकर इतिहास रच दिया. यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के खिलाफ आयरलैंड की पहली जीत है. लंबे इंतजार के बाद मिली इस जीत को आयरलैंड क्रिकेट लंबे समय तक याद रखेगा.
यह भी पढ़ें: 57 रन लुटाकर प्रसिद्ध कृष्णा ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड, T20I इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा