Saturday, 27 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

sports

बेन स्टोक्स ने रचा इतिहास, टेस्ट में ऐसा कारनामा करने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बने

INT News26 June 2026 at 08:26 pm

Ben Stokes: इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टेस्ट क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. न्यूजीलैंड के खिलाफ नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के दौरान स्टोक्स ने अपने 250 टेस्ट विकेट पूरे कर लिए. स्टोक्स ने मैच के दूसरे दिन मिचेल सेंटनर को आउट कर यह मुकाम हासिल किया. इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में 250 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले इंग्लैंड के नौवें गेंदबाज बन गए.

कैलिस के खास क्लब में शामिल हुए स्टोक्स

250 विकेट पूरे करते ही स्टोक्स ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वह टेस्ट क्रिकेट में 7000 से ज्यादा रन और 250 विकेट का डबल पूरा करने वाले इंग्लैंड के पहले खिलाड़ी बन गए हैं. इतना ही नहीं, टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह सिर्फ दूसरे खिलाड़ी हैं. उनसे पहले दक्षिण अफ्रीका के महान ऑलराउंडर जैक कैलिस ही यह कारनामा कर पाए थे. कैलिस ने अपने टेस्ट करियर में 13,289 रन बनाने के साथ 292 विकेट भी लिए थे.

विवाद के बाद टीम में वापसी

स्टोक्स इस मैच के जरिए इंग्लैंड की कप्तानी में वापसी कर रहे हैं. वह न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा टेस्ट नहीं खेल पाए थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक पहले टेस्ट के बाद स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन टीम के कर्फ्यू नियम तोड़ने के मामले में जांच के दायरे में आए थे. दोनों एक रग्बी खिलाड़ी के साथ हुए विवाद में शामिल बताए गए थे, जिसमें एक सुरक्षा अधिकारी भी घायल हो गया था. इसके बाद दोनों खिलाड़ियों को दूसरे टेस्ट से बाहर रखा गया था. हालांकि जांच पूरी होने के बाद उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया.

साथियों से मांगी माफी

वापसी से पहले स्टोक्स ने माना कि इस घटना का असर टीम पर पड़ा था. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने साथियों से माफी मांगी है और अपनी जिम्मेदारी स्वीकार की है. स्टोक्स ने कहा कि जब चीजें गलत होती हैं तो उनकी जिम्मेदारी लेनी पड़ती है. उन्होंने प्रभावित लोगों से व्यक्तिगत रूप से माफी मांगने की बात भी कही. अब स्टोक्स की नजर न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में इंग्लैंड को जीत दिलाने पर होगी, लेकिन इससे पहले वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा चुके हैं.

यह भी पढ़ें: ‘मैं उसे जवाब नहीं देता…’ ग्रेग चैपल का नाम सुनते ही भड़के सौरव गांगुली