Sunday, 28 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

समाचार · बिहार

गोपालगंज में पहली बार होगी पत्रकारिता की पढ़ाई, महेंद्र महिला कॉलेज में BMC कोर्स में नामांकन शुरू

INT News27 June 2026 at 10:03 pm

Gopalganj BMC Admission 2026 : (विकास दुबे) गोपालगंज जिले के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत हुई है. अब गोपालगंज में पहली बार पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई का अवसर मिलेगा. जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए नामांकन कार्यक्रम जारी कर दिया है. इसके तहत शहर के महेंद्र महिला कॉलेज में बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BMC) पाठ्यक्रम की 60 सीटों पर ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गया है.

अब पत्रकारिता की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना होगा

महेंद्र महिला कॉलेज में बीएमसी पाठ्यक्रम शुरू होने से पत्रकारिता और मीडिया के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों को अब दूसरे जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए.के. पाण्डेय ने बताया कि विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 24 जून से 6 जुलाई तक चलेगी. इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.

उन्होंने कहा कि जिले में पहली बार पत्रकारिता जैसा रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू होना बड़ी उपलब्धि है. इससे स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण मीडिया शिक्षा उपलब्ध होगी और युवाओं को समाचार, डिजिटल मीडिया, जनसंपर्क, विज्ञापन एवं संचार के क्षेत्र में बेहतर करियर के अवसर मिलेंगे.

Gopalganj News : 9 जुलाई को जारी होगी पहली मेरिट लिस्ट

प्राचार्य ने बताया कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की पहली मेरिट सूची 9 जुलाई को जारी की जाएगी. चयनित विद्यार्थियों का दस्तावेज सत्यापन एवं नामांकन 10 से 14 जुलाई के बीच संबंधित कॉलेज में होगा. नामांकन केवल मेरिट सूची और स्वीकृत सीटों के आधार पर किया जाएगा.

नामांकन के समय मूल प्रमाण-पत्र लाना होगा

विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार नामांकन के समय सभी अभ्यर्थियों को अपने मूल प्रमाण-पत्रों के साथ उनकी स्व-अभिप्रमाणित प्रतियां भी जमा करनी होंगी. आरक्षण का लाभ बिहार सरकार और विश्वविद्यालय के प्रचलित नियमों के अनुसार दिया जाएगा. नामांकन से संबंधित सभी जानकारी, मेरिट सूची और अन्य अपडेट विश्वविद्यालय की वेबसाइट एवं प्रवेश पोर्टल पर उपलब्ध रहेंगे.

प्राचार्य ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि अंतिम दिनों में पोर्टल पर अधिक दबाव के कारण तकनीकी समस्याएं आ सकती हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि महेंद्र महिला कॉलेज में शुरू हुआ बीएमसी पाठ्यक्रम गोपालगंज सहित आसपास के जिलों के विद्यार्थियों के लिए भी लाभदायक साबित होगा और जिले को मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा.

Also Read : भरत तिवारी के परिजनों से मिली यूपी और हरियाणा कांग्रेस की टीम, न्याय दिलाने का दिलाया भरोसा