समाचार · झारखंड
रांची के लोग सावधान! शनिवार को शाम सात बजे तक इन रूटों पर नहीं चलेंगी गाड़ियां

Ranchi Muharram Procession: झारखंड की राजधानी रांची में 27 जून को मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले पारंपरिक जुलूस को लेकर जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है. रांची ट्रैफिक एसपी राकेश कुमार सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए बताया कि दोपहर एक बजे से शाम सात बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आवागमन पर अस्थायी रोक रहेगी. इस दौरान आम लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और पुलिस प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.
इन मार्गों से गुजरेगा मुहर्रम का जुलूस
प्रशासन के अनुसार, मुस्लिम समुदाय का मुहर्रम जुलूस निर्धारित मार्ग से निकाला जाएगा. जुलूस विश्वनाथ चौक से शुरू होकर काली मंदिर, वुल हाउस, फतेहउल्लाह रोड होते हुए कर्बला चौक तक पहुंचेगा. जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुलूस के गुजरने के दौरान संबंधित मार्गों पर सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा.
जरूरत के अनुसार बदले जाएंगे अन्य रूट
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि मुख्य जुलूस मार्ग के अलावा शहर के अन्य हिस्सों में भी आवश्यकता पड़ने पर वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाएगा. जुलूस की स्थिति, भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए पुलिस मौके पर ही वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करेगी. ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक संबंधी जानकारी प्राप्त कर लें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों की ओर जाने से बचें. इससे जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा और जुलूस भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगा.
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च
मुहर्रम को लेकर शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने फ्लैग मार्च निकाला. फ्लैग मार्च फिरायालाल चौक, सुजाता चौक, इकरा मस्जिद, कर्बला चौक, पथलकुदवा, चर्च रोड, थड़पखना मस्जिद, लालपुर, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट और कोतवाली सहित कई संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा. इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद भी किया.
इसे भी पढ़ें: सात साल के लंबे इंतजार के बाद विधवा को मिला न्याय, अदालत ने दिलाया मकान पर कब्जा
अधिकारियों ने लोगों से की सहयोग की अपील
फ्लैग मार्च में सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी, एसडीओ सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल रहे. अधिकारियों ने बाइक से लोअर बाजार, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट, चुटिया, डोरंडा, सदर और बरियातू थाना क्षेत्रों का भ्रमण किया. इस दौरान लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई. प्रशासन ने कहा कि मुहर्रम के अवसर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और सभी संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी. अधिकारियों ने नागरिकों से सहयोग करने, अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके.
इसे भी पढ़ें: झारखंड को मिलेंगे 1,042 नये प्राइमरी टीचर, सीएम हेमंत सोरेन 29 जून को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र