Sunday, 28 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

समाचार · बिहार

बंदरा में 126 पोल से बिजली तार चोरी, किसानों की सिंचाई ठप; विभाग को 9 लाख से ज्यादा का नुकसान

INT News28 June 2026 at 09:10 pm

मुजफ्फरपुर के बंदरा से सूर्यमणि कुमार की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के बंदरा प्रखंड में बिजली तार चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. हत्था थाना क्षेत्र के सकरीमन गांव में शनिवार देर रात अज्ञात चोर 126 पोल पर लगे हाई वोल्टेज और लो वोल्टेज बिजली तार काटकर ले गए. इस चोरी से इलाके में कृषि कार्य प्रभावित हो गया है, जबकि बिजली विभाग को नौ लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है.

दो जगहों को बनाया निशाना

चोरी की यह घटना सकरीमन गांव के जीरात चौड़ और सकरी अस्पताल के समीप हुई. रविवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे तो कई पोल से बिजली तार गायब मिले. सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.

किसानों की बढ़ी परेशानी

ग्रामीण कौशल किशोर ठाकुर, सुजीत कुमार, अनिल सहनी, राजेश मंडल समेत अन्य किसानों ने बताया कि इलाके में बिजली तार चोरी अब आम बात हो गई है.

उनका कहना है कि पिछले एक साल में चार से पांच बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं. केवटसा पेट्रोल पंप के पास, सकरी-चांदपुरा सीमा, मुन्नी चौड़ समेत कई स्थानों पर पहले भी बिजली तार चोरी हो चुकी है.

किसानों का कहना है कि बार-बार हो रही चोरी से सिंचाई प्रभावित हो रही है और खेती का काम बाधित हो रहा है.

विभाग पर भी उठाए सवाल

ग्रामीणों ने बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताई. उनका आरोप है कि चोरी के बाद विभाग केवल कागजी प्रक्रिया पूरी करता है, लेकिन जिन स्थानों से तार चोरी हुई, वहां अब तक नई लाइन नहीं लगाई गई.

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार कार्रवाई नहीं होने से चोरों का मनोबल बढ़ता जा रहा है और वे बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं.

विभाग को 9 लाख से अधिक का नुकसान

बंदरा के कनीय विद्युत अभियंता अभिषेक रंजन ने बताया कि मुन्नी बैंगरी पंचायत के सकरीमन गांव के जीरात चौड़ में कृषि कार्य के लिए लगाए गए हाई वोल्टेज और लो वोल्टेज बिजली तार अज्ञात चोर काटकर ले गए हैं.

उन्होंने बताया कि इस संबंध में हत्था थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस चोरी से बिजली विभाग को करीब नौ लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है.

पुलिस ने शुरू की जांच

हत्था थानाध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी ने बताया कि बिजली तार चोरी की शिकायत प्राप्त हुई है.

पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.