Sunday, 28 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

समाचार · पंजाब

नकोदर कोर्ट में हथकड़ी समेत आरोपी फरार:जमानत याचिका खारिज होने पर पुलिस पर हमला कर भागा, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

INT News27 June 2026 at 09:09 pm

नकोदर की अदालत परिसर में शुक्रवार को उस समय भारी अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया, जब एनडीपीएस (NDPS) एक्ट का एक शातिर आरोपी पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला कर हथकड़ी समेत हिरासत से फरार हो गया। यह दुस्साहसिक घटना अदालत द्वारा आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर उसे जेल (न्यायिक हिरासत) भेजने के आदेश जारी करने के तुरंत बाद हुई। सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर भागे आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मेहतपुर की पुलिस ने 23 जून 2026 को नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साहिल नामक युवक को गिरफ्तार किया था। आरोपी साहिल, जो मेहतपुर के अंतर्गत आते गांव उमरे वाल बिला का रहने वाला है, के कब्जे से नशीले पदार्थ बरामद हुए थे, जिसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया था। जेल भेजने का हुक्म सुनते ही पुलिस से की हाथापाई आरोपी का पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद जांच अधिकारी (IO) अमरीक लाल की अगुवाई में पुलिस टीम ने उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMIC) महिमा भुल्लर की अदालत में पेश किया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी साहिल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत (जेल) में भेजने का हुक्म सुनाया। मौका पाकर हुआ रफूचक्कर जांच अधिकारी अमरीक लाल ने बताया कि अदालती आदेश मिलने के बाद जब पुलिस कर्मचारी आरोपी को जेल ले जाने के लिए कागजी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रहे थे, तभी साहिल ने अचानक मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। उसने जवानों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की और अपनी फुर्ती का फायदा उठाते हुए हथकड़ी समेत अदालत परिसर से बाहर भागने में कामयाब रहा। पूरे जिले में हाई अलर्ट, नाकेबंदी कर तलाश जारी अदालत परिसर से नशा तस्कर के हथकड़ी समेत भागने की खबर मिलते ही नकोदर पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के बाद नकोदर और आसपास के सभी एंट्री व एग्जिट पॉइंट्स पर तुरंत प्रभाव से हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी लिंक रोड और मुख्य मार्गों पर कड़ी नाकेबंदी की गई है और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और फरार आरोपी साहिल को जल्द ही दोबारा दबोच लिया जाएगा।