Saturday, 27 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

समाचार · झारखंड

घुमावदार मोड़ पर न लाइट और न स्पीड ब्रेकर, तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, सात की मौत

INT News26 June 2026 at 03:41 pm

Road Accident: झारखंड में रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग स्थित बारलोंग के पास गुरुवार देर रात करीब 12 बजे भीषण सड़क दुर्घटना में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में सभी रामगढ़ जिले के मारंगमरचा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेजा गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता.

ताशा पार्टी लेकर समारोह में जा रहे थे लोग

जानकारी के अनुसार, पिकअप सवारी वाहन (जेएच-02क्यू-8268) में ताशा पार्टी के सदस्य सवार थे. वे गोला से रामगढ़ की ओर एक समारोह में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान रामगढ़ से बोकारो की ओर तेज रफ्तार से जा रहे कोयला लदे एलपी ट्रक (जेएच-02एए-4786) ने अचानक विपरीत दिशा में आकर पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वाहन में बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और कई लोग उसमें बुरी तरह फंस गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी. हादसे के बाद आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए.

मौके पर ही सात लोगों की मौत, कई घायल

दुर्घटना इतनी भयावह थी कि सात लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है. मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी थी. पुलिस परिजनों से संपर्क कर पहचान सुनिश्चित करने में जुटी हुई थी. हादसे के कारण पूरे मारंगमरचा गांव में मातम का माहौल है.

घुमावदार मोड़ बना मौत का कारण

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारलोंग के पास जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वह अत्यंत खतरनाक घुमावदार मोड़ है. यहां न तो पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था है और न ही वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर बनाया गया है. इसके अलावा मोड़ के पास कोई चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर या अन्य सुरक्षा संकेतक भी नहीं लगाए गए हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से इस स्थान पर दुर्घटनाएं होती रही हैं, लेकिन संबंधित विभाग ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया. उनका कहना है कि यदि यहां स्ट्रीट लाइट, स्पीड ब्रेकर और उचित संकेतक लगाए गए होते तो शायद इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था.

तीन दिनों में तीसरा हादसा, 12 लोगों की जा चुकी है जान

ग्रामीणों ने बताया कि यह स्थान लगातार हादसों का केंद्र बना हुआ है. बुधवार को भी इसी जगह एक बस गलत दिशा में जाकर ऑटो से टकरा गई थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी. अब गुरुवार देर रात हुए हादसे में सात और लोगों की जान चली गई. पिछले तीन दिनों में इसी स्थान पर हुई तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में कुल 12 लोगों की मौत हो चुकी है. इसके बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं.

सड़क जाम कर ग्रामीणों ने जताया विरोध

हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क के दोनों ओर करीब दो-दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई. ग्रामीणों के साथ आजसू नेता पीयूष चौधरी और मुखिया रेखा देवी भी धरने पर बैठ गए. प्रदर्शनकारियों ने सड़क चौड़ीकरण, स्ट्रीट लाइट लगाने, डिवाइडर बनाने, स्पीड ब्रेकर, सीसीटीवी कैमरे लगाने और स्थायी सड़क सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की. ग्रामीणों का कहना था कि बार-बार दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासन केवल हादसे के बाद औपचारिक कार्रवाई करता है, जबकि स्थायी समाधान की दिशा में कोई पहल नहीं होती.

इसे भी पढ़ें: बेटे की मौत के सदमे से उबर नहीं पाया था परिवार, बस की चपेट में आने से पिता की भी मौत

पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू

दुर्घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा, रामगढ़ और गोला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरू किया. घटना की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ अनूप रंजन, मुख्यालय डीएसपी अकरम रज्जा, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय और गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिया. आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. साथ ही ट्रक चालक की भूमिका, वाहन की गति और सड़क सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

इसे भी पढ़ें: रांची के लोग सावधान! शनिवार को शाम सात बजे तक इन रूटों पर नहीं चलेंगी गाड़ियां