Saturday, 27 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

national

मोहर्रम के जुलूस में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन लाइन से करंट लगने पर 19 वर्षीय युवक की मौत, 7 झुलसे

INT News26 June 2026 at 12:30 pm

Tragic accident in Etah: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में शुक्रवार तड़के मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया. एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, अलीगंज कस्बे में ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई. करंट लगने से 19 वर्षीय सैफ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से झुलस गए.

कैसे हुआ हादसा ?

पुलिस सूत्रो से मिली जानकारी के मुताबित, जुलूस रात करीब 3:30 बजे पुरानी तहसील के पास से गुजर रहा था. रास्ते में बिजली के तार नीचे होने की वजह से कुछ लोग डंडे से तार उठाकर ताजिया निकाल रहे थे. इसी दौरान ताजिया एक तरफ झुक गई और हाईटेंशन लाइन से टच हो गया. इसके बाद पूरी ताजिया में करंट दौड़ गया और अफरा-तफरी मच गई.

घायलों को अस्पताल भेजा गया

इस हादसे में साहिल, अली हसन, आमिर, खुर्शीद, अशरफ और नसीम समेत 7 लोग झुलस गए. सभी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ले जाया गया. प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.

परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप

घायलों के परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि जुलूस से पहले प्रशासन और बिजली विभाग को बिजली लाइन और रास्ते की समस्या की जानकारी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. मृतक सैफ की मां ने कहा कि अगर समय पर अस्पताल पहुंचाया जाता तो शायद उनके बेटे की जान बच सकती थी.

प्रशासन ने जांच शुरू की

एसपी सिटी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि अलीगंज में मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान ताजिया अचानक एक ओर झुक गया और हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया. करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.