Saturday, 27 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

sports

कंसर्ट के चक्कर में गंवाया करोड़ों का मौका! इतिहास रचने जा रहे वैभव सूर्यवंशी, लेकिन क्यों रो रहा है आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड

INT News26 June 2026 at 10:00 am

Ireland Cricket Board crores loss: इन दिनों क्रिकेट आयरलैंड (CI) के दफ्तर में भारी बेचैनी और मलाल का माहौल है. दरअसल, भारत के आयरलैंड दौरे का शेड्यूल मार्च के आखिर में फाइनल हुआ, जिसके चलते दोनों टी20 मैच डबलिन के मल्हाइड स्टेडियम (क्षमता 12,000) में नहीं कराए जा सके, क्योंकि वहां पहले ही एक कंसर्ट सीरीज बुक हो चुकी थी. नतीजा यह हुआ कि मैचों को बेलफास्ट के स्टॉर्मोंट मैदान पर शिफ्ट करना पड़ा, जहाँ सिर्फ 4,500 से 5,000 दर्शक ही आ सकते हैं. दूसरी तरफ, भारत के 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी शुक्रवार को डेब्यू करके इतिहास रचने के बेहद करीब हैं. इस ऐतिहासिक पल को लाइव देखने के लिए फैंस में ऐसी दीवानगी है कि क्रिकेट आयरलैंड के लिए टिकटों की मांग को पूरा करना अब नामुमकिन साबित हो रहा है.

आशंकाओं के बीच ‘वैभव’ का धमाका

जब क्रिकेट आयरलैंड ने इन मैचों को बेलफास्ट शिफ्ट करने का फैसला किया, तो कई तरह की आशंकाएं और सवाल खड़े हो रहे थे. सबसे बड़ा सवाल यह था कि क्या भारतीय प्रवासी देश के इस उत्तरी हिस्से तक की यात्रा करेंगे. रही-सही कसर हाल ही में इस इलाके में हुई हिंसा ने पूरी कर दी, जिसने सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया था. लेकिन जैसे ही टीम इंडिया के स्क्वॉड में 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के नाम का ऐलान हुआ, सारी आशंकाएं पल भर में हवा हो गईं.

“फोन बजना बंद नहीं हो रहा…” – क्रिकेट आयरलैंड के चेयरमैन

टिकटों के इस अभूतपूर्व हाहाकार पर क्रिकेट आयरलैंड के चेयरमैन ब्रायन मैकनीस ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ से बातचीत में अपनी बेबसी और हैरानी जताई. उन्होंने कहा- “मेरा फोन टिकट मांगने वालों की कॉल से लगातार बज रहा है. दुर्भाग्य से, हम केवल 4,500 से 5,000 फैंस को ही संभाल सकते हैं. अगर हमारे पास जगह होती, तो हम इस मैदान को तीन बार भर देते. टिकट कुछ ही मिनटों में बिक गए और अब भी लोग टिकटों की तलाश में भटक रहे हैं.” चेयरमैन के इस बयान से साफ है कि वैभव सूर्यवंशी के ऐतिहासिक डेब्यू ने भले ही इस दौरे को सुपरहिट बना दिया हो, लेकिन ऐन वक्त पर मल्हाइड स्टेडियम को गंवाने का मलाल क्रिकेट आयरलैंड को लंबे समय तक रहेगा, क्योंकि बोर्ड एक बहुत बड़ी कमाई और बड़े आयोजन के मौके से चूक गया है.

फीफा वर्ल्ड कप के बीच ‘सूर्यवंशी’ का डंका

आमतौर पर जब भी भारतीय टीम आयरलैंड आती है, तो मैचों को लेकर स्थानीय फैंस और प्रवासियों में उत्साह रहता है, लेकिन इस बार का माहौल पूरी तरह से वैभव सूर्यवंशी के नाम हो चुका है. इस समय पूरी दुनिया में फीफा वर्ल्ड कप (FIFA World Cup) की धूम मची है और हर तरफ फुटबॉल की चर्चा है. इसके बावजूद, आयरलैंड की जनता के बीच क्रिकेट और इस युवा खिलाड़ी को लेकर गजब का क्रेज देखा जा रहा है. वैभव आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बनकर इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े हैं.

15 साल के सूर्यवंशी से आयरिश खिलाड़ी भी हुए परेशान

भारत के 15 वर्षीय युवा क्रिकेटर सूर्यवंशी को लेकर क्रिकेट जगत में इस कदर दीवानगी है कि अब विरोधी टीम के खिलाड़ी भी इससे परेशान होने लगे हैं. चर्चा है कि आयरलैंड के खिलाड़ी हर इंटरव्यू में सूर्यवंशी से जुड़े सवालों का जवाब देते-देते थक चुके हैं. हाल ही में बीबीसी एनआई (BBC NI) ने जब आयरिश ओपनर रॉस अडायर से पूछा कि क्या डेब्यू पर दोहरा शतक बनाने की चाह रखने वाले सूर्यवंशी के स्लोग-स्वीप से क्लब हाउस की खिड़कियां खतरे में आ जाएंगी, तो इस पर ‘द आइरिश टाइम्स’ के पत्रकार नाथन जॉन्स ने दिलचस्प खुलासा किया. जॉन्स ने कहा कि आयरिश खिलाड़ी अब इस विषय से थोड़े ऊब चुके हैं, लेकिन इस 15 साल के बच्चे से जुड़ी कहानियों (जैसे उसे अलग चेंजिंग रूम मिलना और माता-पिता के साथ उड़ान भरना) ने आम जनता को हैरान कर दिया है. आलम यह है कि जो लोग क्रिकेट नहीं भी देखते, वे भी अब उत्सुकता से पूछ रहे हैं कि आखिर यह लड़का कौन है.

टीम इंडिया के सामने ‘सिलेक्शन का सिरदर्द’

एक तरफ जहां पूरा आयरलैंड सूर्यवंशी के स्वागत में पलकें बिछाए खड़ा है, वहीं भारतीय टीम प्रबंधन के सामने एक बड़ी चुनौती है. हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के टॉप-3 बल्लेबाज यानी कि अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन में से किसी एक को इस युवा बल्लेबाज के लिए जगह छोड़नी होगी. वहीं, अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट के एक नए युग की शुरुआत हो रही है. टीम में पहले से ही प्रतिभावान खिलाड़ियों की भरमार है और अब वैभव सूर्यवंशी के आने से टीम मैनेजमेंट की सिरदर्दी को और बढ़ा दिया है. अब देखना यह है कि शुक्रवार को इस 15 साल के इतिहास पुरुष को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है या नहीं.

इसे भी पढ़े- प्रैक्टिस ग्राउंड पर अचानक ऐसा क्या हुआ कि भड़क गए वैभव सूर्यवंशी? वीडियो देख फैंस भी हैरान

कंसर्ट के चक्कर में गंवाया करोड़ों का मौका! इतिहास रचने जा रहे वैभव सूर्यवंशी, लेकिन क्यों रो रहा है आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड · Indian News Trust