Sunday, 28 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

समाचार · हरियाणा

सोनीपत CLG कमेटी ने की 2 पारिवारिक मामलों की सुनवाई:एक केस में दोनों पक्षों में कराया आपसी समझौता; प्रत्येक शनिवार को होती है मीटिंग

INT News27 June 2026 at 10:07 pm

सोनीपत में कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (सीएलजी) कमेटी की साप्ताहिक बैठक में दो पारिवारिक मामलों की सुनवाई की गई। इनमें से एक मामले में आपसी सहमति से समझौता कराया गया। पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह, आईपीएस, एडीजीपी के मार्गदर्शन और पुलिस उपायुक्त अपराध एवं पश्चिमी जोन नरेंद्र कादियान, आईपीएस की अगुवाई में गठित यह कमेटी पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आपसी विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराने के उद्देश्य से कार्य करती है। शनिवार को आयोजित इस बैठक में कमेटी सदस्य संजय सिंगला, डॉ. राजसिंह सांगवान, सतीश कुमार, शालू, संतोष त्यागी, प्रियंका मुंजाल और शिकायत शाखा से हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र उपस्थित रहे। बैठक के दौरान शिकायतकर्ता अजीत, पुत्र जयभगवान, निवासी गांव छिनौली (खरखौदा) अपने पुत्र रोहित के विरुद्ध दी गई शिकायत के संबंध में कमेटी के समक्ष पेश हुए। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद कमेटी ने आपसी सहमति और समझदारी से विवाद का समाधान कराया। दोनों पक्षों ने कमेटी के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में सौहार्द बनाए रखने का विश्वास दिलाया। एक अन्य पारिवारिक मामले की सुनवाई भी निर्धारित थी, लेकिन उसमें कोई भी पक्ष उपस्थित नहीं हुआ। इस पर कमेटी ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 4 जुलाई 2026 की तिथि निर्धारित की। पुलिस उपायुक्त अपराध एवं पश्चिमी जोन नरेंद्र कादियान, आईपीएस के मार्गदर्शन में गठित यह 10 सदस्यीय सीएलजी कमेटी प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक कार्य करती है। आवश्यकता पड़ने पर कमेटी संबंधित पुलिस थानों में जाकर भी दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराने का प्रयास करेगी। सीएलजी कमेटी का मुख्य उद्देश्य छोटे पारिवारिक और सामाजिक विवादों को न्यायालय तक पहुंचने से पहले आपसी संवाद, सामाजिक सहयोग और पुलिस-जनभागीदारी के माध्यम से सुलझाना है। इससे समाज में शांति, सौहार्द, भाईचारा और पुलिस के प्रति जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

सोनीपत CLG कमेटी ने की 2 पारिवारिक मामलों की सुनवाई:एक केस में दोनों पक्षों में कराया आपसी समझौता; प्रत्येक शनिवार को होती है मीटिंग · Indian News Trust