समाचार · मध्य प्रदेश
भोपाल में बच्चों से भरी स्कूल वैन पर हमला:जमीन विवाद में ड्राइवर पर तलवार-चाकू से वार; तीन आरोपी गिरफ्तार
भोपाल के कोलार इलाके में शनिवार को बच्चों से भरी स्कूल वैन पर हमला होने से सनसनी फैल गई। जमीन विवाद के चलते बदमाशों ने वैन को बीच रास्ते रोककर चालक पर तलवार और चाकू से हमला कर दिया। घटना के समय वैन में कई स्कूली बच्चे सवार थे, जो दहशत में आ गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना कोलार थाना क्षेत्र के ओम नगर की है। घायल चालक अयाज़ खान बैरागढ़ चीचली का रहने वाला है। देखें तस्वीरें… वैन में मौजूद बच्चे घबरा गए पुलिस के मुताबिक अयाज़ और आरोपियों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपियों ने स्कूल वैन को रोककर चालक पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले के दौरान वैन में मौजूद बच्चे घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घायल चालक को अस्पताल भेजा गया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे। स्कूल वैन में मासूम बच्चों की मौजूदगी के बीच हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हमले की पूरी साजिश और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।