समाचार · बिहार
शाहनवाज हुसैन: भरत तिवारी मामले में न्यायिक जांच का इंतजार करें, बिहार में कानून का राज है

Bharat Tiwari Case : (अमर नाथ शर्मा) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने रविवार को सीवान में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बिहार सरकार के कामकाज, भरत तिवारी एनकाउंटर मामले और विपक्ष के आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून का राज है और भरत तिवारी मामले में न्यायिक जांच चल रही है, इसलिए सभी पक्षों को रिपोर्ट आने तक संयम रखना चाहिए.
Siwan News : तेजस्वी यादव पर साधा निशाना
शाहनवाज हुसैन ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार बयानबाजी कर रहे हैं और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सॉफ्ट टारगेट बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी प्रतिदिन करीब 18 घंटे काम कर रहे हैं और बिहार के विकास तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी सहयोगी दल एकजुट होकर राज्य के विकास के लिए काम कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री की भाषा पर भी दिया जवाब
मुख्यमंत्री की भाषा को लेकर प्रशांत किशोर की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि किसी नेता का मूल्यांकन उसकी अंग्रेजी से नहीं, बल्कि जनता के लिए किए गए कार्यों से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल अच्छी अंग्रेजी बोलने वाला ही जननेता नहीं होता.
भरत तिवारी मामले में जांच पर जताया भरोसा
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राज्य सरकार ने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं और मामले की जांच हाईकोर्ट के एक न्यायाधीश की निगरानी में हो रही है। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों को जांच रिपोर्ट आने तक धैर्य रखना चाहिए और अनावश्यक बयानबाजी से बचना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि भरत तिवारी बिहार का बेटा था और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना है। निष्पक्ष जांच के बाद न्याय अवश्य मिलेगा.
अपराध और पुलिस कार्रवाई पर क्या बोले
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और राज्य को अपराधमुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवालों के संबंध में उन्होंने कहा कि उन्होंने अपराध के आंकड़ों का अध्ययन नहीं किया है, इसलिए इस विषय पर कोई निष्कर्ष देना उचित नहीं होगा.
केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार पर भी दी प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों पर उन्होंने कहा कि इसका निर्णय केवल प्रधानमंत्री के अधिकार क्षेत्र का विषय है। राष्ट्रीय प्रवक्ता होने के बावजूद उन्हें भी इस संबंध में कोई जानकारी नहीं होती और समय आने पर ही आधिकारिक जानकारी सामने आएगी.
सीवान के विकास कार्यों की सराहना की
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सीवान में तेजी से सड़क, फ्लाईओवर और अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण हो रहा है। उन्होंने विधायक एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मंगल पांडेय की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं.
भाजपा के कई नेता रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय कुमार पांडेय, भाजपा नेता धनंजय सिंह, आदित्य पाठक सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Also Read : भरत तिवारी को न्याय दिलाने सड़क पर उतरे BJP नेता, सीवान में निकला कैंडिल मार्च