Sunday, 28 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

national

सेशेल्स की संसद में बोले पीएम मोदी, ग्लोबल साउथ के लिए मिलकर करेंगे काम' ब्लू इकोनॉमी पर जोर

INT News28 June 2026 at 09:06 pm

PM Modi in Seychelles: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (28 जून) को सेशेल्स की संसद को संबोधित किया. पीएम मोदी ने अपने भाषण में जलवायु परिवर्तन, समुद्री सहयोग और डिजिटल साझेदारी समेत कई मुद्दों बात की. उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन का सबसे अधिक असर उन देशों पर पड़ रहा है, जिन्होंने इसे सबसे कम प्रभावित किया है. ऐसे में जलवायु कार्रवाई न्याय, जिम्मेदारी और समानता के सिद्धांतों पर आधारित होनी चाहिए. पीएम मोदी ने कहा कि ग्लोबल साउथ खासकर छोटे द्वीपीय देश, जलवायु परिवर्तन का सबसे बड़ा खामियाजा भुगत रहे हैं. उन्होंने कहा कि समुद्र का बढ़ता जलस्तर, बदलते मौसम, समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र पर असर और तटीय इलाकों की चुनौतियां अब साफ दिखाई दे रही हैं.

बोले पीएम मोदी- हिंद महासागर हमें जोड़ता है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत विकासशील छोटे द्वीपीय देशों की चिंताओं को वैश्विक स्तर पर उठाने और उनके समाधान के लिए सेशेल्स के साथ मिलकर काम करता रहेगा. उन्होंने कहा कि भारत और सेशेल्स समावेशी विकास और ‘ग्लोबल साउथ’ के हितों को आगे बढ़ाने की साझा सोच रखते हैं. उन्होंने कहा, “यही भावना ग्लोबल साउथ को एकजुट करती है और भारत तथा सेशेल्स इसी दिशा में मिलकर आगे बढ़ते रहेंगे. पीएम मोदी ने कहा कि हिंद महासागर भारत और सेशेल्स को अलग नहीं करता, बल्कि दोनों देशों को जोड़ने का काम करता है. उन्होंने सेशेल्स को केवल एक छोटा द्वीपीय देश नहीं, बल्कि लगभग 14 लाख वर्ग किलोमीटर समुद्री क्षेत्र वाला एक बड़ा समुद्री राष्ट्र बताया.

समुद्री अर्थव्यवस्था में बढ़ेगा सहयोग

सेशेल्स की संसद को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स की दोस्ती पिछले 50 सालों में और मजबूत हुई है. उन्होंने याद दिलाया कि सेशेल्स की आजादी के समय भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस नीलगिरि पोर्ट विक्टोरिया में मौजूद था, जबकि आज स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर आईएनएस तरकश और आईएनएस इक्षक वहां तैनात हैं. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच समुद्री सुरक्षा, क्षमता निर्माण, हाइड्रोग्राफी और समुद्री क्षेत्र की निगरानी में सहयोग लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि भारत का महासागर विजन हिंद महासागर क्षेत्र को सुरक्षित, स्थिर और समृद्ध बनाने की साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है.

डिजिटल बदलाव में भारत करेगा सहयोग

पीएम मोदी ने डिजिटल इनोवेशन को दोनों देशों के सहयोग का एक अहम क्षेत्र बताते हुए कहा कि भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर ने यह साबित किया है कि तकनीक से सुशासन, वित्तीय समावेशन (Financial Inclusion) और लोगों तक सेवाएं पहुंचाने में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सेशेल्स जब अपने डिजिटल बदलाव की दिशा में आगे बढ़ेगा, तब भारत अपने अनुभव और तकनीकी विशेषज्ञता शेयर करने के लिए पूरी तरह तैयार रहेगा.

भारत हमेशा रहेगा भरोसेमंद साझेदार- पीएम मोदी

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत सेशेल्स का विश्वसनीय मित्र और साझेदार बना रहेगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत हर परिस्थिति में सेशेल्स की आकांक्षाओं का समर्थन करेगा और उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा.

Also Read: भारत और सेशेल्स के बीच रक्षा, UPI समेत 19 करार, हिंद महासागर में मजबूत होगी दोस्ती