अहीरवाल का सीएम बनाने को लेकर नरबीर का सियासी दांव:मुख्यमंत्री से कहा-मुझे तो पार्टी सीएम बनाएगी नहीं, आप गुरुग्राम से चुनाव लड़े

Spread the love

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सेक्टर-91 के कांकरौला गांव में आयोजित रैली में पहुंचे। रैली में राव नरबीर सिंह ने सियासी दांव चला और कई नेताओं के सीएम बनने की इच्छा पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री से गुरुग्राम से चुनाव लड़ने की मांग कर दी। राव नरबीर ने कहा कि हमारे इलाके अहीरवाल के लोगों की एक इच्छा है और वो पूरी करो, इच्छा ये है कि जब से मैं पैदा हुआ और दस साल का हुआ, तब से लोग ये कह रहे हैं कि अहीरवाल का मुख्यमंत्री होना चाहिए। उन्होंने सांसद राव इंद्रजीत पर अपरोक्ष रूप से तंज कसते हुए कहा कि हमने तो बहुत कोशिश की, कई लोग तो कोशिश करते करते दुनिया छोड़ कर चले गए, कुछ जाने को तैयार हैं, लेकिन सीएम नहीं बन सके। अब हरियाणा में डी लिमिटेशन होगा, मुख्यमंत्री जी आप आप चार चुनाव लड़े हो, चारों अलग अलग जगह से लड़े हो, एक चुनाव गुरुग्राम जिले से लड़ लो। तब हम ये तो कह सकेंगे कि हमारे जिले का मुख्यमंत्री है। नरबीर ने कहा कि हम तो सीएम बन पाए नहीं, ना पार्टी बनाए, कम से कम हम ये तो कह सकेंगे कि बने बनाएं को बना दिया, हमारा इलाका भी सुखी हो जाएगा। इसलिए हमारी ये बात मान लो, कम से कम इस अहीरवाल की ये इच्छा तो पूरी हो जाएगी कि हमारे इलाके का मुख्यमंत्री है। मनोहर लाल रोहतक में पैदा हुए चुनाव करनाल से लड़ा मनोहरलाल जी का जन्म हुआ रोहतक में, चुनाव लड़ा करनाल से, करनाल वाले कहने लगे हमारा मुख्यमंत्री। आपका जन्म हुआ यमुनानगर में, आप चुनाव लड़े यमुनानगर से, फिर लड़े कुरुक्षेत्र से, फिर लाडवा से, वो कहने लगे हमारा मुख्यमंत्री, भाई एक बार हमारा चुनाव अहीरवाल से लड़ लें , हम भी कह सकें कि हमारा मुख्यमंत्री है। मुख्यमंत्री ने राव नरबीर को दिया जवाब मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में राव नरबीर को जवाब दिया और कहा कि राव साहब को मैं बताना चाहता हूं कि ये भारतीय जनता पार्टी है, ये जो मुख्यमंत्री बनता है, ये एक क्षेत्र का नहीं, ये पूरे हरियाणा प्रदेश का बनता है। जो समान रूप से हरियाणा प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम करता है। उन्होंने राव नरबीर के विधानसभा बादशाहपुर में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि हमारी सरकार ने बिना भेदभाव के 11 वर्षों में बादशाहपुर विधानसभा में 15 हजार 166 करोड़ रुपए खर्च किया है। कांग्रेस ने अपने दस साल के शासन में 967 करोड़ रुपए खर्च किए। उन्होंने कहा कि हमने पूरे हरियाणा का रोड मैप तैयार किया है। प्रधानमंत्री के विकासित भारत के सपने को विकसित हरियाणा बनाकर साकार करने का प्रयास कर रहे हैं। आज हरियाणा का इन्फ्रास्ट्रक्चर बहुत मजबूत हुआ है। डबल इंजन सरकार की नीति और नियत दोनों ठीक है। नौकरियां दी, गरीबों को आवास दे रहे मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों को प्राथमिकता के आधार पर आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आरआरटीएस का कार्य तेजी से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि, एक साल के अंदर 33 हजार युवाओं को बिना पर्ची बिना खर्ची के नौकरी देने का कार्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने किया है। हरियाणा में पहली बार सीईटी परीक्षा के लिए घर से लेकर सेंटर तक पहुंचाने का काम सरकार ने किया है। इस दौरान राव नरबीर सिंह, विधायक मुकेश शर्मा, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जैनपुरिया, पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावत आदि पहुंचे। चौकाने वाली बात ये देखने को मिली कि स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह और पटौदी की विधायक बिमला देवी इस रैली में नहीं पहुंचे। 2709 लाभार्थियों को सौंपेंगे फ्लैट की चाबी रैली में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के 2709 लाभार्थियों को फ्लैट की चाबी सौंपी। इससे पहले मुख्यमंत्री सेक्टर-57 स्थित मेफील्ड गार्डन में आयोजित शहीद दिवस समारोह में शिरकत करने पहुंचे और यहां उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित दी। न राव इंद्रजीत आए, न बिमला देवी इस रैली में न तो सांसद राव इंद्रजीत आए और न ही उनकी समर्थक विधायक बिमला देवी पहुंची। 22 मार्च को ही पटौदी की विधायक बिमला देवी ने एक कार्यक्रम रखा था, जिसमें सांसद राव इंद्रजीत को बतौर मुख्य अतिथि बुलाया था, लेकिन दो दिन पहले ही इस कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि बिमला देवी को मुख्यमंत्री की रैली में पहुंचने को कहा गया था। बता दें कि, छह दिन पहले सांसद राव इंद्रजीत सिंह केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले थे और दक्षिण हरियाणा के विकास और राजनीति को लेकर लंबी चर्चा की थी।