MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास… 1. इंदौर में घर से पति-पत्नी के शव बरामद, एक हफ्ते पुराने होने की आशंका इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक घर से पति-पत्नी के शव मिले। बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पति बेड पर और पत्नी बाथरूम में पड़ी मिली। शव करीब एक हफ्ते पुराने बताए जा रहे हैं। मृतक कन्हैयालाल परनवाल लकवाग्रस्त थे, जबकि पत्नी स्मृति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। पढ़ें पूरी खबर 2. भोपाल में 20 दिसंबर से मेट्रो की शुरुआत, 21 से आम यात्रियों के लिए सेवा
भोपाल मेट्रो का उद्घाटन 20 दिसंबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर करेंगे। कार्यक्रम मिंटो हॉल में होगा। 21 दिसंबर से आम लोग सुबह 9 से शाम 7 बजे तक मेट्रो में सफर कर सकेंगे। शुरुआती चरण में मेट्रो एम्स से सुभाष नगर तक चलेगी। न्यूनतम किराया 20 और चार स्टेशनों तक 30 रुपए तय किया गया है। पढ़ें पूरी खबर 3. 200 फीट गहरी खाई में गिरा ट्रक, तीन दिन बाद ड्राइवर सुरक्षित निकाला गया पांढुर्णा जिले की सौसर तहसील स्थित सिलेवानी घाटी में मक्के से भरा ट्रक 200 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे के बाद ड्राइवर तीन दिन तक ट्रक में फंसा रहा। जीपीएस से लोकेशन मिलने पर मालिक मौके पर पहुंचा। गुरुवार सुबह क्रेन से ट्रक निकाला गया और ड्राइवर को सुरक्षित अस्पताल भेजा गया। पढ़ें पूरी खबर 4. हरदा में मेड से दुष्कर्म, ट्रैफिक थाने के ASI पर मामला दर्ज
हरदा के टिमरनी की रहने वाली 42 वर्षीय महिला ने ट्रैफिक थाने में पदस्थ एएसआई सुरेंद्र मालवीय पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक 16 दिसंबर को काम के दौरान आरोपी ने पगार बढ़ाने का लालच दिया और विरोध पर जबरदस्ती की। धमकी के डर से वह चुप रही। पुलिस ने BNS और एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज किया है। पढ़ें पूरी खबर 5. पूजा कर रहे नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या, मौत से पहले बयान दर्ज बैतूल के गंज इलाके में पूजा कर रहे 17 वर्षीय विवेक मरकाम की रॉड, फावड़ा और लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। करीब 10-15 हमलावर उसे जबरन उठाकर ले गए और बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया, जहां देर रात मौत हो गई। मरने से पहले नाबालिग ने पुलिस को घटना बताई। पढ़ें पूरी खबर 6. कोहरे के चलते दिल्ली-मध्यप्रदेश ट्रेनें लेट, रीवा-सागर में विजिबिलिटी 1-2 किमी
दिल्ली से मध्यप्रदेश आने वाली कई ट्रेनें कोहरे की वजह से 30 मिनट से 8 घंटे तक लेट हैं। रीवा और सागर में विजिबिलिटी 1-2 किलोमीटर रही, जबकि इंदौर और राजगढ़ में तापमान 5 डिग्री से नीचे गिरा। भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन समेत 12 जिलों में कोहरे का असर रहा। मौसम विभाग ने चेताया कि ठंड और कोहरे का दौर जारी रहेगा। पढ़ें पूरी खबर 7. दमोह में दूषित खाने से 14 ग्रामीण बीमार, इलाज जिला अस्पताल में जारी
दमोह के बेलखेड़ी गांव में बुधवार रात कोदो की रोटी और चने की भाजी खाने से 14 ग्रामीण बीमार हो गए। उन्हें तुरंत पटेरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया। सभी मरीजों की हालत में सुधार हो रहा है। डॉक्टरों का अनुमान है कि कोदो में कीटनाशक रह गया था, जिसे बिना धोए खाने के कारण तबीयत बिगड़ी। पढ़ें पूरी खबर पॉजिटिव खबर
8.गुना में खाद की लाइन में किसान को आया हार्ट अटैक, आरक्षक ने CPR से बचाई जान गुना के नानाखेड़ी मंडी के डबल लॉक खाद वितरण केंद्र पर एक किसान लाइन में खड़ा था, तभी अचानक हार्ट अटैक से बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद आरक्षक अभिनेष रघुवंशी ने तुरंत CPR दी, जिससे किसान थोड़ी देर में होश में आया। उसके बाद उसे एहतियात के तौर पर अस्पताल भेजा गया। समय पर मदद से किसान की जान बच गई। पढ़ें पूरी खबर खबर जरा हटके
9. खजराना गणेश मंदिर की दानपेटियों से निकले पौने दो करोड़, बंद नोट और नकली आभूषण भी मिले
खजराना गणेश मंदिर की 43 दानपेटियों से कुल 1.78 करोड़ रुपए निकले। इसमें बंद 2000 और 500 रुपए के नोट, नकली नोट, सोने-चांदी के असली और नकली आभूषण, विदेशी मुद्रा और मोबाइल भी मिले। दानपेटियों की गिनती पिछले सप्ताह 25 सदस्यीय टीम ने कैमरे और सुरक्षा व्यवस्था के बीच की। राशि को बैंक खातों में जमा किया गया, जबकि आभूषण और विदेशी मुद्रा का अलग आकलन किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर कल का बिग इवेंट
10. जबलपुर में मेगा जॉब फेयर कल, 20 से ज्यादा कंपनियां करेंगी भर्ती
जबलपुर में शुक्रवार को ओएफके महाविद्यालय खमरिया में जिला रोजगार कार्यालय मेगा जॉब फेयर आयोजित कर रहा है। मेला सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। 20 से अधिक निजी कंपनियां विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगी। 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई व पॉलिटेक्निक युवा भाग ले सकेंगे। स्वास्थ्य शिविर व करियर काउंसलिंग भी होगी।
MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:घर में मिले पति-पत्नी के सड़े-गले शव, 20 दिसंबर से दौड़ेगी भोपाल मेट्रो, नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या
