क्रॉस वोटिंग के बाद MLA जरनैल की बढ़ी तवज्जो:BJP जिलाध्यक्ष के साथ गोशालाओं को बांटे चेक; बोले- नायब सैनी सबसे बढ़िया CM

Spread the love

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस से निलंबित किए गए रतिया विधायक जरनैल सिंह को अब सरकार में अहम तवज्जो मिलने लगी है। इसके संकेत अब स्थानीय स्तर पर भी साफ दिखाई देने लगे हैं। सोमवार को रतिया में आयोजित हुए सरकारी कार्यक्रम में जरनैल सिंह को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया। जिले में यह पहला अवसर है, जब किसी विपक्षी विधायक को इतने महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनाया गया है। उन्होंने कार्यक्रम में बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा के साथ रतिया खंड की 14 गोशालाओं को 3 करोड़ से ज्यादा की अनुदान राशि के चेक वितरित किए। यह राशि हरियाणा सरकार द्वारा जारी की गई है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री नायब सैनी के निर्देशों के बाद ही जरनैल सिंह को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल किया गया। बोले-रतिया के विकास की गाड़ी रफ्तार पकड़ेगी जरनैल सिंह ने कहा कि रतिया के विकास की गाड़ी अब रफ्तार पकड़ेगी। सीएम नायब सैनी ने हमें बहुत मान-सम्मान बख्शा है। उनका भरपूर सहयोग व समर्थन मिल रहा है। मुख्यमंत्री बहुत बढ़िया आदमी है। मेरा पहले दिन से ही उनके साथ प्यार बढ़ा है। मैं जब भी किसी काम के लिए उनके पास गया, तो तुरंत काम किया है। वह अब तक के सबसे बढ़िया मुख्यमंत्री है, उनके नाम की तरह काम भी नायाब हैं। मैं विपक्ष का विधायक हूं, फिर भी हमें पूरी पावर दी हुई है। मेरे पास उनकी तारीफ करने के लिए शब्द नहीं है। जानिए…इन दिनों कैसे चर्चा में जरनैल सिंह लगातार रतिया में बदल रहे समीकरण फतेहाबाद जिले की एकमात्र अनुसूचित वर्ग के लिए आरक्षित सीट रतिया में लगातार राजनीतिक समीकरण बदल रहे हैं। मौजूदा विधायक जरनैल सिंह जहां बीजेपी सरकार व सीएम नायब सैनी का गुणगान कर रहे हैं। वहीं, पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा भी कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए हैं। बीजेपी सबसे ज्यादा रतिया में ही कमजोर नजर आ रही थी। मगर इन दो घटनाक्रमों ने बीजेपी का ग्राफ बढ़ाने का काम किया है, जबकि अब भूपेंद्र हुड्‌डा के पास रतिया में कोई बड़ा चेहरा नहीं बचा है।