कुरुक्षेत्र में पिकअप की टक्कर से नाबालिग की मौत:रिश्ते से पहले देवियों के दर्शन करने जा रहा था परिवार; फूफा गंभीर

Spread the love

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में देवियों के दर्शन के लिए जा रहे राजस्थानी परिवार के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। ढांड रोड पर पिकअप गाड़ी के ड्राइवर की लापरवाही से नाबालिग की जान चली गई। ड्राइवर ने तेज स्पीड से गाड़ी को पीछे करते हुए नाबालिग और उसके फूफा को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान 17 साल के हेमंत कुमार के रूप में हुई। हेमंत राजस्थान के अलवर जिले के गांव सोखर का रहने वाला था। हेमंत अपने पिता लाला राम के साथ कपड़े सिलाई के काम में हाथ बंटाता था। हादसे में हेमंत के फूंफा श्यामबीर के सिर में चोट आई, जिसके सिर में 12 टांके लगे। देवियों के दर्शन के लिए जा रहा था परिवार लाला राम निवासी सोखर ने बताया कि वह अपनी पत्नी रामकली, भाई राजेश कुमार, भाई की पत्नी निर्मला, बेटा हेमंत, जीजा श्यामबीर, बहन सुनीता, मां प्रेमवती व परिवार के साथ सुबह करीब 11 बजे हिमाचल प्रदेश जा रहे थे। पूरा परिवार 9 देवियों के दर्शन करने के लिए ड्राइवर पप्पी की पिकअप (RJ-02GC-0254) को किराए पर लिया था। ढांड रोड पर मारी टक्कर वे 152-D से होते हुए कुरुक्षेत्र-ढांड रोड पर पहुंचे, तो ड्राइवर ने बाथरूम जाने के लिए गाड़ी रोकी। सब बाथरूम करने के लिए उतर गए। उसका बेटा हेमंत बाथरूम करने के बाद गाड़ी के पीछे सड़क के पास कच्चा में बैठ गया। उसके पास ही मेरा जीजा श्यामबीर भी बैठ गया, तभी ड्राइवर पप्पी राम ने अचानक गाड़ी पीछे कर दी। सिर में लगी गहरी चोट गाड़ी की ढाला सीधे हेमंत के सिर में लगा। वह मौके पर ही गिर पड़ा और आवाज तक नहीं निकाल सका। पास बैठे श्यामवीर को भी सिर में चोट लगी। घटना के बाद परिवार हेमंत को तुरंत LNJP अस्पताल कुरुक्षेत्र लेकर गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे PGI चंडीगढ़ सेक्टर-32 रेफर कर दिया गया। अलवर के पास हुई मौत आरोप लगाया कि यहां सही इलाज नहीं मिला, जिसके बाद वे हेमंत को जयपुर ले जाने लगे। रास्ते में अलवर के पास ही उसकी मौत हो गई। परिवार ने अलवर के खेडली सरकारी अस्पताल में हेमंत के शव का पोस्टमार्टम कराया। अंतिम संस्कार के बाद परिवार ने कुरुक्षेत्र पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर पप्पी राम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। रिश्ते से पहले दर्शन करने जा रहे थे लाला राम ने बताया कि देवियों के दर्शन करने के बाद उनको बेटियों के रिश्ते के लिए जाना था। उसकी बेटी प्रिया (24), तनु (20) और बेटे देवेंद्र (22) के लिए रिश्ता देख रखा था। दर्शन करने के बाद रिश्ते के लिए ही जाना था। हेमंत के लिए भी रिश्ता देख रहे थे। बाद में उसके बालिग होने पर उसकी शादी कर देते, लेकिन एक्सीडेंट में उसकी जान चली गई।