हरियाणा के 12 शहरों में पारा 42 के पार:दूसरे दिन 44.6°C के साथ रोहतक सबसे गर्म, कल से आंधी-बारिश का येलो अलर्ट

Spread the love

प्रदेश में सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। शनिवार को लगातार दूसरे दिन रोहतक हरियाणा का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां पारा 44.6°C तक जा पहुंचा। यह सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक है। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में भी 0.3°C की वृद्धि देखी गई है। लू और तपिश ने लोगों का घरों से निकलना दूभर कर दिया है। उत्तर और दक्षिण हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में पारा 40 से 44 डिग्री के बीच झूल रहा है। हरियाणा के प्रमुख शहरों में गर्मी का सितम इस कदर है कि 12 से अधिक केंद्रों पर तापमान 42 डिग्री के पार दर्ज किया गया है। इसमें रोहतक 44.6°C, फरीदाबाद 43.6°C, नारनौल 43.5°C, सिरसा: 43.4°C, हिसार: 43.0°C, करनाल: 42.8°C, नूंह: 42.7°C, भिवानी 42.5°C, जींद 42.5°C और सोनीपत 42.2°C दर्ज किया गया।
कल से बदलेगा मौसम, बारिश के आसार मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। 26 अप्रैल को प्रदेश के अधिकांश हिस्से शुष्क रहेंगे। हालांकि कल 27 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में बदलाव आएगा। 27 अप्रैल को दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के जिलों में छिटपुट (Isolated) बूंदाबांदी हो सकती है। 28 अप्रैल को प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। 29 अप्रैल को उत्तर हरियाणा के जिलों में मौसम शुष्क होना शुरू होगा, लेकिन मध्य और दक्षिण हरियाणा में हल्की बारिश जारी रह सकती है। जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान… दिन का पारा सामान्य से 5 डिग्री ऊपर : हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य से औसतन 5°C ऊपर चल रहा है। रोहतक 44.6°C के साथ हॉटस्पॉट बना हुआ है, जबकि यमुनानगर (हथनीकुंड बैराज) 39.6°C के साथ तुलनात्मक रूप से कम गर्म रहा। भयंकर गर्मी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चंडीगढ़ से लेकर अंबाला और गुरुग्राम तक, पारा 41 डिग्री के नीचे नहीं आ रहा है। दोपहर के समय गर्म हवाओं (लू) के थपेड़ों ने जनजीवन प्रभावित किया है। रात का तापमान 31.8°C पर पहुंचा : दिन की तपिश के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.9°C अधिक दर्ज किया गया है। भिवानी में न्यूनतम तापमान 31.8°C तक पहुंच गया है, जो काफी अधिक है। सबसे कम न्यूनतम तापमान करनाल और इंद्री में 22.4°C रहा। पिछले 24 घंटों में रात के तापमान में 1.1°C की बढ़ोतरी हुई है। नारनौल और गुरुग्राम जैसे शहरों में रात का पारा 29 डिग्री के आसपास है, जिसका अर्थ है कि सूरज ढलने के बाद भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।