मेरठ के एक मकान में लगी भीषण आग में दम घुटने से 8 साल की बच्ची और उसके पिता की मौत हो गई। जबकि 2 परिवार के 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। जिस समय आग लगी उस समय उस मकान में रह रहे लोग सो रहे थे। जब तक लोग कुछ समझ पाते आग ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया, चारो तरफ आग और धुआं फैल गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल गाड़ियां पहुंच गईं। रेस्क्यू कर लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार मध्यरात्रि के बाद की यह घटना पल्लवपुरम थानाक्षेत्र के रोशनपुर डोरली की है। डॉक्टर्स के अनुसार, इलाज के दौरान बच्ची और उसके पिता की मौत हो गई। दोनों के फेफड़ों में धुआं भर गया था। जबकि अन्य 10 लोगों का इलाज चल रहा। आग लगने की वजह फिलहाल सामने नहीं आ सकी है। हालांकि, शार्ट सर्किट से आग की आशंका जताई जा रही। हादसे की 2 तस्वीर देखिए… जानिए पूरा मामला… रोशनपुर डोरली में किला परीक्षितगढ़ के रहने वाले सतीश का एक मकान है। मकान के आगे के हिस्से में दो दुकानें हैं। दोनों दुकानों में कृष्ण पाल टेंट हाउस चलाते हैं। इसके अलावा पीछे के हिस्से में 5 कमरे और दो किचन है। इसमें दो परिवार किराए पर रहता है। पहला परिवार सागर गिरी का है। वह अपनी मां कांति, पत्नी ज्योति, 8 साल की बेटी शिवानी और दोनों बेटे शिव और करण के साथ रह रहे थे। जबकि दूसरा परिवार संजय का है। संजय अपनी पत्नी सरिता, बेटी भावना और बेटे आशु, प्रिंस व करण के साथ रहते थे। रात करीब डेढ़ बजे लगी आग पड़ोसियों के अनुसार, रविवार मध्य रात्रि के बाद करीब 1.30 बजे अचानक आग लग गई। आग कुछ ही पल में पूरे मकान को चपेट में ले ली। अंदर परिवार के लोग सो रहे थे। वे जबतक जागते आग ने पूरी मकान को चपेट में ले लिया। आग की लपटों को देखकर कुछ लोगों ने फायर ब्रिगेड डिपार्टमेंट को फोन किया। सूचना पर पल्लवपुरम थाने की पुलिस के अलावा दमकल की दो गाड़ियां पहुंची। आग पर काबू पाने की कोशिशों के साथ अंदर फंसे लोगों का रेस्क्यू कराया जाने लगा। सभी 12 लोगों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से झुलसे होने की वजह से उनको पास के ग्लोबल अस्पताल पहुंचाया गया। आग से हुए नुकसान की 3 तस्वीर देखिए… पिता-पुत्री ने दम तोड़ा, 10 झुलसे फायर ब्रिगेड ने 12 लोगों को मकान से बाहर निकाला। सागर गिरी (35 वर्ष) और उनकी 8 साल की बेटी शिवानी की दम घुटने से मौत हो गई। डॉक्टर्स ने बताया कि दोनों के फेफड़ों में काफी धुआं भर चुका था। जबकि सागर की मां क्रांत, पत्नी ज्योति, बेटे शिव और करण का इलाज चल रहा। आगलगी के वक्त संजय घर पर नहीं थे। उनके परिवार में पत्नी सरिता, बेटी भावना, बेटे आशु, प्रिंस और करण बुरी तरह झुलस गए हैं। उनके घर आए अरुण पुत्र रोहताश भी अस्पताल में भर्ती हैं। शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका फिलहाल आगलगी की वजह सामने नहीं आ सकी है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि शार्ट सर्किट से आग लगी होगी और टेंट हाउस में रखे कपड़ों और प्लास्टिक की वजह से आग भड़क गई होगी। माना जा रहा कि किराएदार के पास इलेक्ट्रिक स्कूटी थी। वे लोग रात में चार्जिंग में उसे लगात देते थे। आशंका है कि चार्जिंग के वक्त शार्टसर्किट से आग लगी होगी।
सीएफओ बोले- शॉर्ट सर्किट से लगी आग मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया- शुरुआती जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है। जिस मकान में आग लगी है उसमें टेंट हाउस का भी संचालन होता है। आग में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया और उनको अस्पताल पहुंचा दिया गया है। —— ये खबर भी पढ़िए… यूपी में ओले गिरे, 8 जिलों में आंधी-बारिश : लखनऊ में तूफान, दोनों डिप्टी सीएम की फ्लाइट उतर नहीं पाई; प्रदेश में 3 की मौत यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार सुबह अयोध्या, सीतापुर और बारांबकी में ओले गिरे। लखनऊ, सुल्तानपुर, वाराणसी, गोंडा, हरदोई, बलरामपुर और उन्नाव में बारिश हुई। लखनऊ में तूफान के साथ करीब डेढ़ घंटे तक पानी बरसा। यहां सुबह 8:20 बजे अचानक मौसम बदला। दिन में रात जैसा अंधेरा छा गया। फिर बिजली कड़कने लगी। इसके बाद जोरदार बारिश हुई। (पूरी खबर पढ़िए)
मेरठ में भीषण आग, बाप-बेटी की दम घुटने से मौत:सोते वक्त 2 परिवार के 12 लोग फंसे; लाखों के सामान जलकर खाक
