अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव का असर अब हरियाणा में भी दिखने लगा है। प्रदेश में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई जहां रोक दी गई तो वहीं घरेलू सिलेंडरों की डिलीवरी भी प्रभावित है। इसका असर फूड कारोबारियों पर हो रहा है। ढाबों और रेस्टोरेंट्स के पास कुछ दिन का ही स्टॉक बचा है। घरेलू सिलेंडरों की डिलीवरी पहले जो 1-2 दिन में हो जाती थी, अब एक हफ्ते तक इंतजार करना पड़ रहा है। सिलेंडर बुकिंग के नियमों में भी बदलाव किया गया है। अब डिलीवरी के 25 दिन बाद दूसरी बुकिंग हो रही है। ऐसे में खाली सिलेंडर लेकर लोग एजेंसियों के बाहर पहुंच रहे हैं। वहीं, ब्लैक में सिलेंडर लेकर रेहड़ी लगाकर गुजारा करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को भी दोगुने रेट में गैस मिल रही है। ऐसे में कुछ ने तो काम बंद कर दूसरे विकल्प तलाशने शुरू कर दिए हैं। गुरुग्राम में क्लाउड किचन पर सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है। कॉमर्शियल सिलेंडर के भरोसे कई क्लाउड किचन तो बंद हो गए तो मुरथल में भी ढ़ाबा संचालक खाने के रेट बढ़ाने की तैयारी कर रहे है। उधर, हरियाणा सरकार की ओर से गैस आपूर्ति को लेकर दिक्कतों को लेकर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही 18001802087 टोल फ्री नंबर भी जारी किया है। उपभोक्ताओं को गैस संबंधी कोई भी दिक्कत होने पर फोन कर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं। पहले जानिए हरियाणा में क्या है गैस की सप्लाई चेन… तीनों कंपनियों की ओर से होती है सप्लाई
हरियाणा में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम तीनों कंपनियां मिलकर रोज करीब 580 टन गैस कॉमर्शियल इस्तेमाल के लिए भेजती हैं। इसमें IOCL 221 टन, BPCL 232 टन और HPCL 127.1 टन गैस की आपूर्ति करती हैं। घरेलू खपत की बात करें तो प्रदेश में हर दिन करीब 3,053 टन LPG की जरूरत होती है। इसमें IOCL 1,310 टन, BPCL 911 टन और HPCL 832 टन गैस सप्लाई करती हैं। कंपनियों ने स्टॉक का आंकड़ा जारी किया
10 मार्च तक के आंकड़ों के अनुसार, IOCL के पास 2,966 टन LPG का स्टॉक है और 1,624 टन गैस रास्ते में है। अगर नई सप्लाई नहीं पहुंची तो यह स्टॉक करीब 3 दिन तक ही घरेलू जरूरतें पूरी कर पाएगा। BPCL के पास 4,238 टन स्टॉक और 2,213 टन गैस ट्रांजिट में है, जिससे लगभग 7 दिन तक सप्लाई संभव है। वहीं HPCL के पास 4,232 टन LPG उपलब्ध है और 600 टन गैस रास्ते में है, जो करीब 5 दिन तक घरेलू मांग पूरी कर सकती है। अब जानिए क्या पड़ रहा गैस सप्लाई पर असर… गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें, नहीं आ रहे ओटीपी अमेरिका, इजराइल और ईरान में चल रहे युद्ध का असर अब हरियाणा में भी दिखने लगा है। कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई रोक दी गई है। आने वाले दिनों में घरेलू सप्लाई पर भी असर पड़ सकता है। बुधवार को हिसार, सोनीपत, फतेहाबाद, हांसी, पानीपत, कैथल, रेवाड़ी और फरीदाबाद में गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। फोन पर OTP भी नहीं आ रहे। बुकिंग नहीं होने से उनकी टेंशन बढ़ रही है कि घर की रसोई कैसे चलेगी। मुरथल के ढाबों में महंगा हो सकता खाना गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लि. (गेल) ने मुरथल के ढाबों की पाइप लाइन के जरिये गैस सप्लाई में 20% की कटौती की है। 80 फीसदी से अधिक उपयोग करने पर चार्ज भी बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, अभी तुरंत ढाबों के खाने की कीमत नहीं बढ़ाई जा रही है। लेकिन ऐसी ही स्थिति लंबी चली तो इस पर विचार होगा। मुरथल ढाबा एसोसिएशन के प्रधान मनजीत सिंह ने बताया कि बहालगढ़ से मुरथल और गन्नौर तक 100 से ज्यादा ढाबे हैं। इनमें 15 बड़े ढ़ाबे हैं, जिनमें सुखदेव-अमरीक, मन्नत, गुलशन, पहलवान, झिलमिल, नीलकंठ, हवेली शामिल हैं। इन ढाबों से 8 से 10 हजार लोगों का रोजगार जुड़ा है। अभी इन ढाबों पर गैस सप्लाई पिछले पांच माह की लागत की औसत से 80 प्रतिशत मिलती रहेगी। सरकार की ओर से उठाए गए ये कदम… टेंट कारोबारी बोले- संकट में हम सरकार के साथ
हरियाणा टेंट डीलर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट अनिल राव ने कहा कि मौजूदा हालात में उनका संगठन सरकार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि 12 मार्च को शादी का आखिरी सावा है, इसके बाद अप्रैल तक बड़े आयोजन नहीं हैं, इसलिए फिलहाल कॉमर्शियल सिलेंडरों की कमी से ज्यादा दिक्कत नहीं आएगी। गैस सप्लाई से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे के ब्लॉग से गुजर जाएं…
हरियाणा में LPG स्टॉक घटा, OTP नहीं आ रहा:गुरुग्राम में क्लाउड किचन बंद, मुरथल के ढाबों में रेट बढ़ाने की तैयारी; सरकार का टोल फ्री नंबर जारी
