केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच “एक्स” पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा हैं। उन्होंने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से अपील कि वे स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित लोगों की मदद करें। उन्होंने कहा कि यह समय एकजुट होकर जनता की सेवा करने का है।
इस बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने भी कार्यकर्ताओं से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने “एक्स” पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली में बाढ़ के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है जिससे हजारों परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाना पड़ा है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए उन्होंने आआपा के सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में मदद करें। उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाना ही उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने बाढ़ के खतरे को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत शिविरों की व्यवस्था के लिये तैयारी शुरू कर दी है। आआपा के कार्यकर्ता भी इन शिविरों में भोजन, पानी और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित कर रहे है।
